देवरी मे कुएं में डूबने से वृद्धा की दर्दनाक मौत

सीधी । जिले के भुईमाड़ थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत गैवटा अंतर्गत देवरी गांव में रविवार की भोर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, एक वृद्धा का शव गांव के पास स्थित कुएं से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल व्याप्त है। देवरी निवासी राजकुमार पनिका अपने भांजे शिब्बू पनिका के साथ थाना भुईमाड़ पहुंचकर मौखिक सूचना दर्ज कराई कि शनिवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने स्थान पर सो गए थे। रविवार सुबह करीब 4 बजे जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनकी 63 वर्षीय मां गुजरतिया पनिका, पत्नी स्व. सीताप्रताप पनिका, घर में मौजूद नहीं थीं। परिजनों ने पहले घर और आसपास उनकी तलाश की लेकिन जब कहीं कोई पता नहीं चला तो चिंता बढ़ गई। इसी दौरान राजकुमार को आशंका हुई कि शौच के लिए बाहर जाते समय उनकी मां कहीं पास के कुएं में तो नहीं गिर गईं। इसके बाद उन्होंने अपने बड़े भाई शिवकुमार पनिका और अन्य परिजनों के साथ सुबह करीब 5 बजे गांव के कुएं के पास पहुंचकर तलाश शुरू की। कुएं के समीप पहुंचने पर वहां टॉर्च और चप्पल पड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई। परिजनों ने लोहे के कांटे की सहायता से कुएं में तलाश की तो वृद्धा के वस्त्र उसमें फंस गए और कुछ ही देर में उनका शव पानी से बाहर निकाल लिया गया। परिजनों ने शव की पहचान गुजरतिया पनिका के रूप में की। बताया गया कि गुजरतिया पनिका लंबे समय से बीमारी से पीडि़त थीं। उन्हें चलने-फिरने में कठिनाई होती थी और दृष्टि भी कमजोर हो गई थी। परिजनों का अनुमान है कि अंधेरे में संतुलन बिगडऩे के कारण वह कुएं में गिर गईं, जिससे पानी में डूबने से उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भुईमाड़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक की लहर है।

 

Next Post

राजस्थान में 150 फुट गहरी खाई में गिरी बस, दो महिलाओं की मौत, 30 घायल

Sun Apr 19 , 2026
अजमेर, 19 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान में अजमेर के पुष्कर घाटी में एक निजी बस असंतुलित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई में गिरने से दो महिलाओं की मौत हो जबकि करीब 30 लोग घायल हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीसांगन के निकटवर्ती ग्राम में परिवारिक समारोह में शिरकत करने […]

You May Like