गन्ने के पौधों में गुड़ बांधकर युवक कांग्रेस का तंज, मंडी में किसानों के हक में अनोखा प्रदर्शन

इटारसी। कृषि उपज मंडी परिसर में गुरुवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब युवक कांग्रेस ने किसानों की बदहाली और उपज के उचित दाम न मिलने के विरोध में प्रतीकात्मक और व्यंग्यपूर्ण प्रदर्शन किया। युकां कार्यकर्ताओं ने किसानों को गन्ने के पौधे भेंट किए, जिनके साथ नीचे गुड़ बांधा गया था। इस अनूठे तरीके से कांग्रेस ने सरकार की नीतियों और कथित बयानों पर सीधा कटाक्ष किया।

प्रदर्शन की शुरुआत मंडी परिसर स्थित कैंटीन से हुई। युवक कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में मुख्य बिक्री शेड तक पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी उपज बेचने की प्रतीक्षा कर रहे किसानों से संवाद किया और उन्हें गन्ने के पौधे सौंपकर अपनी बात रखी।

पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष मयूर जैसवाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले किसानों से बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी वही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मंडी में किसानों के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझ रहे हैं और पार्टी हमेशा किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री मोहन यादव के उस कथित बयान पर भी तंज कसा, जिसमें गन्ने से गुड़ ‘बनाने’ की बजाय ‘उगाने’ जैसी टिप्पणी की बात कही जा रही है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा नेता गौरव ‘गोल्डी’ चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को लगातार भ्रमित किया है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किसानों की आय दोगुनी करने के दावे किए गए, जो पूरे नहीं हुए। अब नई सरकार भी किसानों की समस्याओं से अनजान नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मक्का और धान जैसी फसलों को आज भी उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। चौधरी ने कहा कि बदलाव का समय आ गया है और किसान स्वयं अपने भविष्य को लेकर निर्णय लेने को मजबूर हैं।

Next Post

उपचुनाव में वार्ड के लिए 70.92% और ग्राम में 71.41% हुआ मतदान

Mon Dec 29 , 2025
पानसेमल। नगर के वार्ड 2 पार्षद एवं वांगरा सरपंच उपचुनाव के दौरान मोकपोल के बाद सुबह 7 बजे मतदान प्रारंभ हुआ।नगर में वार्ड 2 पार्षद उम्मीदवार सुश्री सलोनी राणा ने प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ क्रमांक 3 पर पहला मतदान किया,जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मेहरून बी का मतदान वार्ड 15 में […]

You May Like