इंदौर:पुलिस ने जिलाबदर अवधि का उल्लंघन कर क्षेत्र में घूम रहे दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों को पुलिस कमिश्नर के आदेश पर छह माह के लिए इंदौर जिले की राजस्व सीमा से बाहर किया था, बावजूद इसके वे आदेश की अवहेलना करते हुए शहर में ही घूम रहे थे.पुलिस उपायुक्त जोन 4 आनंद कलादगी ने बताया कि भंवरकुआं थाने की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र के कुख्यात जिलाबदर बदमाश रोशन उर्फ रोहन बौरासी एवं राज बौरासी जिलाबदर अवधि का उल्लंघन करते हुए अपने रिश्तेदार के यहां चितावद क्षेत्र में घूम रहे हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी और दोनों बदमाशों को पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रोशन उर्फ रोहन बौरासी पिता कमल बौरासी उम्र 25 वर्ष तथा राज बौरासी पिता कमल बौरासी उम्र 23 वर्ष दोनों निवासी त्रिवेणी नगर पालदा इंदौर बताया.
आरोपियों पर शहर के कई थानों में दर्ज हैं मामले
दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ भंवरकुआं सहित शहर के विभिन्न थानों में अड़ीबाजी, अवैध वसूली, नकबजनी, अवैध शराब, मारपीट और चोरी जैसे मामलों में कई अपराध दर्ज हैं. आरोपियों की लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने नवंबर 2025 से दोनों को छह माह के लिए इंदौर जिले की राजस्व सीमा से जिलाबदर किया था, बावजूद इसके वे आदेश का उल्लंघन करते हुए क्षेत्र में घूम रहे थे. दोनों आरोपियों के खिलाफ जिलाबदर आदेश के उल्लंघन पर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
