बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, पचोर-सारंगपुर-कुरावर में गेहूं-चना चौपट

ब्यावरा। बारिश और ओलावृष्टि ने दर्जनों खेतो में फसलों पर कहर ढहाया है. सारंगपुर, पचोर, कुरावर, मलावर क्षेत्र में तेज बारिश, हवाओं एवं ओलावृष्टि से गेहूं व अन्य फसलें खेतों में आड़ी हो गई, जिससे काफी नुकसान का अंदेशा है.

मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट ली. सुबह , शाम और रात्रि में बारिश के साथ-साथ कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई. सारंगपुर क्षेत्र में रात के समय तेज हवाएं चलने के साथ बारिश होने से खेतो में गेहूं की फसलें आड़ी बिछ गई. क्षेत्र के ग्राम भीलखेड़ा, बाबल्दी, बाबल्दा, अमलारोड, धामंदा, घटटिया, अरनिया, सुल्तानिया, नारानिया, पीपल्यादेव, साबरसिया, हराना, भ्याना, भैंसवामाता, भाटखेड़ी माताजी, खजुरिया घाटा सहित ओलावृष्टि की जानकारी है. कुरावर क्षेत्र के झाडला, पखरी, झुमका, खलेली, बरखेड़ा डोर,आवंली, हिकमी सहित अनेक गांवों में तेज बारिश और हवा से गेहूं की फसलें बिछ गई.

चने के आकार वाले ओले गिरे

ग्रामीणों के अनुसार कुछ स्थानों पर चने के आकार के ओले गिरने से गेहूं फसल की बालियों को क्षति पहुंची है. रात्रि में तेज हवाओं के साथ बारिश से खेतो में फसल जमीन पर बिछ गई, इससे फसल के दाने में अधिक नमी आने, वजन कम होने की आशंका है.

खेतो में भरा पानी

जिले के कई क्षेत्रो में बीती रात्रि को रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला चलता रहा. जिससे खेतो में पानी भर गया. सारंगपुर क्षेत्र में रात्रि में चली तेज हवाओं से कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने की जानकारी भी है. प्रभावित क्षेत्रों में जल्द ही सर्वे कराकर फसल नुकसान का आंकलन करने और उचित मुआवजा देने की मांग की गई है.

जिले में सौ हैक्टेर में नुकसान का अनुमान

जहां जिले में दर्जनों खेतों में गेहंू की फसल आड़ी बिछने से नुकसान होना देखा जा रहा है, वहीं कृषि विभाग के अनुसार जिले के सारंगपुर, नरसिंहगढ़, पचोर आदि क्षेत्रों में गेहूं की फसल आड़ी बिछने की जानकारी है, विभाग के अनुसार लगभग सौ हैक्टेर क्षेत्र में गेहूं की फसल आड़ी बिछ जाना बताया जा रहा है.

बीमा कंपनी को जानकारी देने को कहा

कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपनी फसल में हुए नुकसान की जानकारी तुरंत बीमा कंपनी को देने हेतु कहा है, ताकि शिकायत रजिस्टर्ड हो सके. शिकायत पर बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया जाएगा.

पूर्ण अवस्था पा चुकी फसल को अधिक नुकसान

कृषि विभाग के अनुसार जहां गेहूं की फसल पूर्णत: परिपक्व हो चुकी है, उसके बिछने से अधिक नुकसान है. जबकि जो फसल अभी पूर्ण नहीं हुई है उसमें नुकसान की संभावना अधिक नहीं है.

कहां कितनी बारिश

मौसम विभाग राजगढ़ के अनुसार 28 जनवरी को जिले में विभिन्न स्थानों पर हुई बारिश का आंकड़ा इस प्रकार रहा. सारंगपुर में 13.6 एमएम, नरसिंहगढ़ 4.5 एमएम, ब्यावरा में 9.03 एमएम, खिलचीपुर 2 एमएम, पचोर 5 एमएम, जीरापुर 1 एमएम तथा राजगढ़ में 9.1 एमएम बारिश दर्ज की गई है.

बारिश, ओलावृष्टि, हवाओं के कारण जिले में लगभग सौ हैक्टेर में गेहूं की फसल बिछने की जानकारी है. विभाग द्वारा नुकसान का आंकलन कर जानकारी ली जा रही है.

सचिन जैन
उप संचालक, कृषि विभाग जिला राजगढ़

Next Post

महिला सिक्युरिटी गार्ड हत्याकांड का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

Thu Jan 29 , 2026
इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र की गंगा धाम कॉलोनी में महिला की नृशंस हत्या के अंधे मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. चोरी के उद्देश्य से घर में घुसकर महिला का दम घोंटकर हत्या की गई थी. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि […]

You May Like

Play sound