महिला सिक्युरिटी गार्ड हत्याकांड का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र की गंगा धाम कॉलोनी में महिला की नृशंस हत्या के अंधे मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. चोरी के उद्देश्य से घर में घुसकर महिला का दम घोंटकर हत्या की गई थी. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है.एडीसीपी रुबिना मिजवानी ने बताया कि बाणगंगा थाना क्षेत्रांतर्गत गंगा धाम कॉलोनी में शुक्रवार 23 जनवरी को टीसीएस कंपनी में हाउस कीपिंग का कार्य करने वाली गायत्री पति सुनील धीमान उम्र 40 वर्ष का शव उसके घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला था. मृतका के हाथ पैर बंधे हुए थे तथा मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक एवं विधि सम्मत तरीके से जांच प्रारंभ की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की दम घोंटकर हत्या किया जाना प्रमाणित हुआ. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी.

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से धराए आरोपी
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने अंधे कत्ल का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले, इसके साथ ही पड़ोसियों और क्षेत्रवासियों से पूछताछ की गई तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया. संकलित साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पड़ोस में किराए से रहने वाले दो भाइयों अमित मौर्य उम्र 32 वर्ष, सुमित मौर्य उम्र 30 वर्ष तथा अमित गड़ेकर निवासी वीणा नगर की भूमिका सामने आई.

आरोपियों की तलाश के दौरान मंगलवार की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अमित मौर्य और सुमित मौर्य ऑटो से फरार होने की फिराक में हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर सुपर कॉरिडोर चौराहे के पास सर्विस रोड पर ऑटो को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखकर आरोपी तेज गति से भागने लगे, लेकिन अंधेरा और ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण ऑटो सड़क किनारे गड्ढे में गिर गया, जिससे दोनों आरोपियों के हाथ-पैर में चोटें आईं. पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार कराया.

चोरी के इरादे से पहुंचे थे महिला के घर
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कई दिनों से मृतका की दिनचर्या पर नजर रखे हुए थे. चोरी के उद्देश्य से सुबह के समय वे उसके घर में घुसे, हाथ-पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद घर से नकदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए. घटना में शामिल तीसरा आरोपी अमित गड़ेकर निवासी वीणा नगर फिलहाल फरार है. उसके खिलाफ पूर्व में भी बाणगंगा थाने में चोरी का प्रकरण दर्ज है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. मामले में जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Post

आजाद नगर की चोरी का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी पकड़ाया

Thu Jan 29 , 2026
इंदौर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8.37 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर […]

You May Like