
नीमच। केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के केन्द्रीय प्रशिक्षण महाविद्यालय (सीटीसी), नीमच में शनिवार को 14 अस्पताल कार्मिक बुनियादी प्रशिक्षुओं का शपथ ग्रहण सह रैक समारोह ग्रुप केन्द्र नीमच के क्वार्टर गार्ड परिसर में पूरे उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह में नव प्रशिक्षुओं ने देश की सुरक्षा, अखंडता एवं सेवा के प्रति समर्पित रहने की शपथ ली।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री संदीप दत्ता, महानिरीक्षक, प्रशिक्षण महानिदेशालय, सीआरपीएफ, नई दिल्ली ने परेड की सलामी ली। वहीं मुख्य प्रशिक्षण अधिकारी एवं कमांडेंट सीटीसी नीमच श्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता (पीएमजी) ने नव प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर श्री प्रमोद कुमार सिंह, उप महानिरीक्षक आरटीसी नीमच, श्री छोटन ठाकुर, कमांडेंट आरटीसी नीमच, श्री प्रमोद कुमार साहू, कमांडेंट ग्रुप केन्द्र नीमच, श्री हरविन्दर सिंह, कमांडेंट 04 सिग्नल बटालियन सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह में सीआरपीएफ के अधिकारी, जवान, मीडिया प्रतिनिधि एवं प्रशिक्षुओं के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। परेड का नेतृत्व निरीक्षक (जीडी) बीरचंद मेघवाल ने किया।
18 सप्ताह का कठिन प्रशिक्षण
अस्पताल कार्मिक बुनियादी प्रशिक्षण 9 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुआ था। 18 सप्ताह की प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षुओं को बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, युद्ध कौशल, कानून, प्रबंधन एवं निहत्थी लड़ाई का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा उन्हें चिकित्सीय जानकारी, मानवाधिकार, आपदा प्रबंधन तथा आमजन से बेहतर संबंध स्थापित करने के गुर भी सिखाए गए।
प्रशिक्षुओं को जंगल कैंप प्रशिक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर रहने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का मुकाबला करने में सक्षम बन सकें।
उत्कृष्ट प्रशिक्षुओं को मिला सम्मान
समारोह के दौरान प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा इंडोर, आउटडोर एवं ऑलराउंड बेस्ट प्रशिक्षु श्रेणियों में ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रसेवा के लिए तैयार हुए नव सैनिक
प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद ये अस्पताल कार्मिक अब पूर्ण सैनिक के रूप में देश के विभिन्न हिस्सों में तैनात होकर अपनी सेवाएं देंगे। मुख्य अतिथि श्री संदीप दत्ता ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्र की सुरक्षा एवं अखंडता के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं परिवारजनों ने भी नव प्रशिक्षुओं को आशीर्वाद दिया। उनके प्रेरक शब्द जवानों के लिए भविष्य में कर्तव्य निर्वहन की नई ऊर्जा बनेंगे।
रणकौशल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अपने रणकौशल एवं प्रशिक्षण से प्राप्त दक्षताओं का जीवंत प्रदर्शन किया। उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों एवं परिजनों ने इन प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए जवानों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह का समापन फोटोग्राफी सत्र एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद के साथ हुआ।
