
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण धोलपुरे ने बढ़ती महंगाई और आम जनता पर बढ़ रहे आर्थिक दबाव को लेकर कहा कि भाजपा के 12 वर्षों के शासन के बाद देश की आर्थिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मीडिया से चर्चा करते हुए धोलपुरे ने कहा कि अतीत में जब देश युद्ध और अकाल जैसी राष्ट्रीय आपदाओं से गुजर रहा था, तब कांग्रेस सरकारों ने जनता से त्याग और सहयोग की अपील की थी। उन्होंने कहा कि उस समय लोगों ने देशहित में अपने गहने तक दान किए और जरूरतों में कटौती की, क्योंकि उद्देश्य देश को संकट से बाहर निकालना था।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज लोगों से सोना नहीं खरीदने, खर्च कम करने और पेट्रोल कम उपयोग करने की अपीलें की जा रही हैं, जो देशभक्ति नहीं बल्कि आर्थिक विफलता का संकेत हैं। धोलपुरे ने कहा कि बड़े-बड़े दावों और प्रचार के बावजूद आम जनता पर महंगाई और आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, जिसका जवाब भाजपा सरकार को देना चाहिए।
