
भोपाल। हबीबगंज रेलवे कॉलोनी में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लाभ के लिए भरतनाट्यम नृत्य कक्षा का शुभारंभ किया गया। यह पहल नृत्याति कलाक्षेत्रम के तहत शुरू की गई है। कक्षा का उद्घाटन पश्चिम मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, भोपाल की अध्यक्ष अनीता त्यागी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उन्होंने औपचारिक शिक्षा के साथ नृत्य और संगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कलात्मक प्रशिक्षण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और बच्चों ने इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि इससे बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा मिलेगा।
