जबलपुर: हनुमानताल थाना अंतर्गत पम्प हाउस के पास रहने वाली एक नाबालिग को युवक ने प्रेम जाल में फंसा लिया और उसे राजस्थान ले गया जहां निकाह करने के बाद उसकी आबरू लूटी। दोनों शहर लौटे इसके बाद युवक ने असली रंग दिखाने शुरू कर दिए और घर छोडक़र जाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने कहा कि अब तुम मुझे पसंद नहीं हो, मैं कहीं और शादी करूँगा। इसके बाद दुष्कर्म पीडि़ता ने जहर का सेवन कर लिया जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 16 वर्षीय किशोरी ने शिकायत दर्ज कराई कि हड्डी गोदाम निवासी सोहेल को पिछले एक साल से जानती थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने के कारण उन्होंने 10 महीने पहले अजमेर राजस्थान जाकर आपसी सहमति से निकाह किया था। शादी के बाद से दोनों हनुमानताल स्थित एक मकान में किराये से पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे। पिछले एक महीने से सोहेल के व्यवहार में अचानक बदलाव आ गया। वह लगातार पीडि़ता पर घर छोडक़र जाने का दबाव बना रहा था। जब पीडि़ता ने इसका विरोध किया, तो सोहेल ने साफ कह दिया, अब तुम मुझे पसंद नहीं हो, मैं कहीं और शादी करूँगा।
बात सिर्फ विवाद तक सीमित नहीं रही, सोहेल ने पीडि़ता को धमकी दी कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी और घर नहीं छोड़ा, तो वह उसे जान से मारकर फिंकवा देगा। प्रताडऩा और लगातार मिलने वाली धमकियों से तंग आकर नाबालिग पीडि़ता ने चींटी मारने वाली दवा खा ली। जिसके बाद उसे उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया जहां उसे एल्गिन अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीडि़ता के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
