नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शनिवार को चीनी की औसत कीमत घट गई। चीनी के साथ चावल और खाद्य तेलों में भी नरमी रही। गेहूं की कीमतों में तेजी देखी गई जबकि दालों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 12 रुपये टूटकर 5,151 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। गुड़ पांच रुपये टूटकर 5,913 रुपये प्रति क्विंटल बिका। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत नौ पैसे बढ़कर 55.43 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 94 रुपये घटकर 4,124 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। चावल के उलट गेहूं सात रुपये महंगा हुआ और 2,886 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव भी 21 रुपये बढ़ गया।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत छह रुपये और चना दाल की तीन रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। मसूर दाल में 54 रुपये की गिरावट देखी गई। मूंग दाल 12 रुपये और उड़द दाल आठ रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुई।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की कीमत 81 रुपये और सूरजमुखी तेल की 80 रुपये प्रति क्विंटल घट गई। पाम ऑयल 64 रुपये और सोया तेल 30 रुपये सस्ता हुआ। वनस्पति की कीमत 29 रुपये और सरसों तेल की 20 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गई।
