मुख्यमंत्री के दौरे से पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष नजरबंद

नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच दौरे से पहले रविवार को जिले की राजनीतिक हलचल तेज हो गई। गांधीसागर अभयारण्य में चीता प्रोजेक्ट के तहत चीतों को जंगल में छोड़े जाने के कार्यक्रम से पहले पुलिस ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया। उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष के आवास पर पहुंचे। इसके बाद आवास के मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई और बाहेती को घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन अथवा काले झंडे दिखाए जाने की आशंका के चलते एहतियातन यह कदम उठाया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ऐसे में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के आवास के बाहर पुलिस की तैनाती चर्चा का विषय बन गई है। कांग्रेस खेमे में भी कार्रवाई को लेकर नाराजगी की स्थिति बताई जा रही है।
एक ओर गांधीसागर में मुख्यमंत्री के हाथों चीतों को जंगल में छोड़े जाने का महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, वहीं दूसरी ओर नीमच शहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के आवास के बाहर पुलिस का पहरा राजनीतिक माहौल को गरमा रहा है। स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।

Next Post

भारत पर 100% टैरिफ का खतरा, अमेरिका के नए कानून से क्यों बढ़ी चिंता?

Sun Sep 20 , 2026
  नई दिल्ली। अमेरिका और भारत के बीच व्यापारिक रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। इसकी वजह है अमेरिका में मंजूर हुआ नया कानून, जिसके तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध और अतिरिक्त टैरिफ लगाने का रास्ता खुल […]

You May Like