कल से शुरू होगा विधानसभा का बजट सत्र, 6 मार्च तक चलेंगी कार्यवाही; 18 को आयेगा बजट

भोपाल: मध्य प्रदेश की सोलहवीं विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 16 फरवरी से राज्यपाल मंगू भाई पटेल के अभिभाषण के साथ प्रारंभ होगा। यह सत्र 6 मार्च 2026 तक चलेगा। सत्र के दौरान 17 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी, जिस पर मुख्यमंत्री का जवाब भी आएगा, जबकि 18 फरवरी को राज्य का बजट प्रस्तुत किया जाएगा। इसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण भी सदन में रखा जाएगा।
सत्र की तैयारियों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने विधानसभा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविन्द शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिसूचना जारी होने के बाद से अब तक विधानसभा सचिवालय को कुल 3478 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिनमें 1750 तारांकित और 1728 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा 236 ध्यानाकर्षण, 10 स्थगन प्रस्ताव, 41 अशासकीय संकल्प और 83 शून्यकाल सूचनाएं भी मिली हैं।
उल्लेखनीय है कि सोलहवीं विधानसभा का यह नौवां सत्र होगा, जिसमें वित्तीय और नीतिगत मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

Next Post

उज्जैन में त्रिवेणी संगम: धर्म, संस्कृति और व्यापार के उत्सव विक्रम महोत्सव 2026 का आगाज

Sun Feb 15 , 2026
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे। उन्होंने विक्रम व्यापार मेले का इंजीनियरिंग कॉलेज में शुभारंभ किया और बाबा महाकाल के दर्शन किए। इसके पश्चात उन्होंने विक्रम व्यापार मेले का शुभारंभ किया। इस बीच में समय निकालकर सिंहस्थ बाईपास स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे यहां […]

You May Like

मनोरंजन