केरलम में पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर को

तिरुवनंतपुरम, 20 नवंबर (वार्ता) केरलम में 22 नवंबर को 10 जिलों में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जाएगा , जिसके तहत पांच वर्ष से कम आयु के 12,92,421 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

प्रदेश के स्वास्थ्य और देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन ने यह जानकारी दी है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान इडुक्की, वायनाड, कोझिकोड और मलप्पुरम को छोड़कर सभी जिलों में चलाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि सभी इंतज़ाम पूरे कर लिए गए हैं।

उन्होंने बच्चों के माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि भले ही उनके बच्चों को नियमित टीकाकरण के तहत पहले पोलियो की खुराक मिल चुकी हो, फिर भी वे 22 नवंबर को उन्हें पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

अभियान का राज्य स्तरीय उद्घाटन 22 नवंबर को सुबह आठ बजे तिरुवनंतपुरम के पेरूरकाडा के जिला अस्पताल में होगा। मेयर वी.वी. राजेश इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें सांसद डॉ. शशि थरूर और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि दस जिलों में कुल 13,453 टीकाकरण बूथ बनाए जाएंगे, जिसमें 26,906 प्रशिक्षित स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। बूथ सरकारी और निजी अस्पतालों, स्वास्थ्य केन्द्र , जनकीया आरोग्य केंद्रों, शहरी स्वास्थ्य केन्द्र , आंगनवाड़ी, स्कूलों, कक्षा कक्ष और स्वयंसेवी संगठनों की इमारतों में बनाए जाएंगे ताकि आसानी से पहुंचा जा सके। उन्होंने कहा कि जो बच्चे पोलियो बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों द्वारा घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रवासी मजदूरों के आवास स्थलों, दुर्गम क्षेत्रों, उत्सव स्थलों और विवाह मंडपों जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दवा पिलाने के लिए मोबाइल बूथ भी बनाए गए हैं।

Next Post

न्यूजीलैंड की बादशाहत खत्म, फाइनल की रेस में साउथ अफ्रीका सबसे आगे

Fri Nov 20 , 2026
साउथ अफ्रीका ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट में 9 विकेट से हराकर WTC पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। न्यूजीलैंड दूसरे और भारत चौथे नंबर पर है। साउथ अफ्रीका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 9 विकेट से हरा दिया। इस जीत […]

You May Like