सलामतपुर:भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर फोरलेन की मांग अब और तेज हो गई है। सलामतपुर कस्बे में संकरी सड़क और अत्यधिक यातायात दबाव के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। भोपाल से विदिशा और विदिशा से भोपाल आने-जाने वाले सैकड़ों वाहन आधे से एक घंटे तक जाम में फंसे रहते हैं, जिससे आमजन, छात्र और मरीजों को भारी परेशानी होती है।
हाईवे की साइडें जर्जर होने से समस्या और बढ़ गई है। एमपीआरडीसी द्वारा भदभदा क्षेत्र में टोल वसूली के बावजूद सड़क किनारों की मरम्मत नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन बनने से जाम और हादसों में कमी आएगी। आंकड़ों के अनुसार इस मार्ग पर एक वर्ष में करीब 100 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 25 से अधिक लोगों की जान गई है।प्रतिदिन लगभग 10 हजार छोटे-बड़े वाहन, बसें, डंपर और टैंकर इस मार्ग से गुजरते हैं। तेज रफ्तार और संकरी सड़क के चलते यह हाईवे खूनी सड़क बनता जा रहा है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से भोपाल-विदिशा हाईवे को शीघ्र फोरलेन बनाने और साइड रिपेयरिंग कराने की मांग की है।
