गोवा को लेकर लोकसभा में पेश गैर सरकारी विधेयक को पारित करे सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 07 फरवरी (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के लोगों से किये वादे पूरे नहीं किये हैं इसलिए कांग्रेस सांसद कैप्टन विरियातो फर्नांडिस ने लाेकसभा में एक गैरसरकारी विधेयक पेश किया है। पार्टी का कहना है कि इसमें गोवा के समग्र विकास का प्रावधान है इसलिए इसको पारित कराना आवश्यक है और यदि ऐसा नहीं होता है तो इसके लिए आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस के गोवा के प्रभारी माणिकराव ठाकरे, प्रदेश अध्यक्ष अमित पाटकर और गोवा से सांसद कैप्टन विरियातो फर्नांडिस ने शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया है कि गोवा के हितों को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है और गोवा को बर्बादी की तरफ धकेला जा रहा है। उनका कहना था कि यदि अब भी गोवा को बचाने के लिए निर्णायक कदम नहीं उठाए गए, तो राज्य की पहचान और भविष्य दोनों खतरे में पड़ जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद कैप्टन विरियातो फर्नांडिस ने पिछले वर्ष गोवा की खुशहाली के लिए लोकसभा में निजी सदस्य संविधान संशोधन विधेयक, 2025 पेश किया है। इस विधेयक के प्रावधान गोवा की खुशहाली के लिए हैं इसलिए इसे पारित कराना आवश्यक है। उनका कहना था कि मौजूदा कानून और राज्य की नीतियाँ पूरी तरह विफल हो चुकी हैं और गोवा जैसे छोटे राज्य को अपनी पारिस्थितिक और सामाजिक वहन क्षमता से कहीं अधिक दबाव में धकेला जा रहा है।
पार्टी ने श्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने गोवा की जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे। इस दौरान उनसे स्थानीय लोगों का प्रतिनिधिमंडल भी मिला था लेकिन श्री मोदी अपने वादे भूल गये हैं और वे गोवा को बचाने के लिए कोई कदम नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गोवा वासियों से वादा किया था कि वे स्पेशल स्टेटस विधेयक लाएंगे, लेकिन सच यह है कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ने गोवा को बर्बाद कर दिया। गोवा की आबादी करीब 16 लाख है, वहीं यहां सालाना 1.08 करोड़ से ज्यादा टूरिस्ट आते हैं। ऐसे में केंद्र सरकार का सपोर्ट बहुत जरूरी हो जाता है। गोवा में डबल इंजन की सरकार पर्यावरण को तबाह कर रही है, यहां 10 साल के अंदर 76 वर्ग किलोमीटर जंगलों को काट दिया गया है।

Next Post

जनकपुरी हादसे के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : सूद

Sat Feb 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 फ़रवरी (वार्ता) दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को जनकपुरी हादसा स्थल का निरीक्षण कर कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। श्री सूद ने निरीक्षण के बाद कहा की जनकपुरी में हुई यह घटना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। यह […]

You May Like