जनकपुरी हादसे के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : सूद

नयी दिल्ली, 07 फ़रवरी (वार्ता) दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को जनकपुरी हादसा स्थल का निरीक्षण कर कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। श्री सूद ने निरीक्षण के बाद कहा की जनकपुरी में हुई यह घटना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है। यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि व्यवस्था की जवाबदेही से भी जुड़ा विषय है। दिल्ली के नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैंने आज सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का संयुक्त निरीक्षण किया है। घटना के वास्तविक कारणों की तकनीकी और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर गहन जाँच कराई जाएगी। इस घटना में जो भी अधिकारी, एजेंसी या ठेकेदार प्रत्यक्ष या अप्रत्क्ष रूप से दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख़्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जनकपुरी क्षेत्र में बुनियादी ढांचे की समग्र सुरक्षा का भी ऑडिट कराया जाएगा ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का स्पष्ट कहना है की दिल्ली में जनता की सुरक्षा से किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद इस मामले में ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। प्रथम दृष्टया जिन अधिकारियों पर लापरवाही का संदेह पाया गया है, उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। श्री सूद ने कहा कि साइट पर पाई गई सभी कमियों को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस के माध्यम से दिल्ली जल बोर्ड और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस द्वारा कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच जारी है और ठेकेदार की लापरवाही के मामले में गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि जल बोर्ड के किसी अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी सख़्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा की यह घटना अत्यंत दुखद है और सभी इससे आहत हैं। इस दुख से एक नौजवान की जान वापस नहीं आ सकती, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। मुख्यमंत्री स्वयं पूरे घटनाक्रम पर पल-पल निगरानी रखे हुए हैं और उनके निर्देशों पर सभी कार्यवाहियां की जा रही हैं।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि जहाँ पर यह घटना घटी वह मार्ग एक अत्यंत व्यस्त सड़क है, जो विकासपुरी और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ती है। निर्माण कार्य में अस्थायी विलंब के कारण आम नागरिकों को न्यूनतम असुविधा हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, नगर निगम, दिल्ली जल बोर्ड और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया है। उल्लेखनीय है कि जनकपुरी में एक गड्ढे में गिरने से मोटरसाइकिल सवार कमल की मौत हो गई थी।

Next Post

इस्पात, एल्यूमीनियम, तांबे पर अमेरिका में बना रहेगा 50 प्रतिशत आयात शुल्क

Sat Feb 7 , 2026
नयी दिल्ली, 07 फरवरी (वार्ता) अमेरिका और भारत के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के बावजूद इस्पात, एल्युमीनियम और तांबे पर अमेरिका में आयात शुल्क 50 प्रतिशत के ऊंचे स्तर पर बना रहेगा। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को अंतरिम व्यापार समझौते के संबंध में आयोजित संवाददाता सम्मेलन […]

You May Like