लंदन, 01 अगस्त (वार्ता) गस ऐटकिंसन (पांच विकेट) और जॉश टंग (तीन विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने पांचवें टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को पहले सत्र में भारतीय टीम को पहली पारी में 224 रन के स्कोर पर समेट दिया।
भारत की पारी 224 रनों पर सिमट गई है, इस मैच में ना स्टोक्स थे और वोक्स भी चोटिल होने की वजह से आगे गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे, फिर भी यह प्रदर्शन दिखाता है कि इंग्लैंड कितना तैयार है। अब जैसा पिच बर्ताव कर रही है उसको देखकर लग रहा है कि भारतीय गेंदबाज भी अगर पांच मीटर के करीब गेंदबाजी करेंगे तो उनको सफलता जरूर मिलेगी। अब देखना होगा कि भारतीय गेंदबाज कैसे जवाब देते हैं।
भारत के कल के छह विकेट पर 204 रन से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में स्कोर में 14 रन का इजाफा हुआ था कि जॉश टंग ने करूण नायर 109 गेंदों में (57) को पगबाधा आउटकर भारत को सातवां झटका दिया। अगले ही ओवर में गस ऐटकिंसन ने वॉशिंगटन सुंदर (26) को अपना शिकार बना लिया। इसके बाद गस ऐटकिंसन ने मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को बिना खाता खोले पवेलियन भेज कर भारतीय पारी का 224 के स्कोर पर अंत कर दिया। भारत ने अपने शेष चार विकेट आज मात्र 20 रन जोड़कर गंवा दिए।
इंग्लैंड की ओर से गस ऐटकिंसन ने 33 रन पर पांच और जॉश टंग ने 57 रन पर तीन विकेट लिये। क्रिस वोक्स ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
