
सीधी। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह ने सीधी जिले में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से हो रही बेमौसम बारिश के कारण किसानों की धान की फसलों को हुए भारी नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसलों की क्षति का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए और किसानों को शीघ्र राहत राशि प्रदान की जाए।
अजय सिंह ने कहा कि इस समय पूरे सीधी जिले विशेषकर सेमरिया, कुबरी, चुरहट एवं आसपास के ग्रामीण अंचलों में खरीफ की प्रमुख फसल धान की कटाई और गहाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। शुक्रवार देर रात और शनिवार से लगातार हो रही बारिश के कारण खेतों में खड़ी पकी हुई फसल गिरने लगी है| खेतों और खलिहानों में काटकर रखी धान की फसल पूरी तरह भीग गई है। पानी भरने से धान के दाने काले पड़ने, सड़ने और अंकुरित होने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है|
सिंह ने कहा कि किसान महीनों की कड़ी मेहनत और अपनी पूरी जमा-पूंजी लगाकर फसल तैयार करता है| ऐन कटाई के वक्त आई इस प्राकृतिक आपदा ने अन्नदाताओं के सामने गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। साथ ही जलभराव होने से आगामी रबी सीजन की गेहूं, चना और सरसों की बुवाई भी पिछड़ने की पूरी पूरी आशंका है। उन्होंने कहा कि ऐसी विषम परिस्थितियों में किसानों के लिए अपनी लागत निकालना और परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने मांग की है कि सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को तत्काल राहत राशि और प्रधानमंत्री फसल बीमा का लाभ दिलाया जाए। बारिश से भीगने के कारण धान की चमक फीकी पड़ने या नमी बढ़ने पर समर्थन मूल्य पर उपार्जन के नियमों में छूट दी जाए, ताकि किसानों को उपज बेचने में कोई परेशानी न हो। साथ ही आगामी रबी फसल की समय पर बुवाई के लिए खाद और बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
