मोदकपुर में फर्जी झोलाछाप पर छापा, क्लीनिक सील फिर भी जारी इलाज, गंभीर आरोप

बेगमगंज। मोदकपुर गांव में कथित रूप से फर्जी रूप से इलाज कर रहे व्यक्ति के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर बीएमओ के नेतृत्व में गठित टीम ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के साथ सुल्तानगंज मार्ग स्थित क्लिनिक पर छापामारी की। इस दौरान भारी मात्रा में एलोपैथी दवाएं जब्त की गईं, जिनमें कई दवाएं एक्सपायर पाई गईं। इसके बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति भगवान दास लोधी तथा उसका पुत्र प्रशांत लोधी बिना किसी वैध चिकित्सकीय डिग्री अथवा मेडिकल लाइसेंस के इलाज कर रहे थे। आरोपों के अनुसार यहां गंभीर बीमारियों जैसे लकवा, डिलीवरी और ऑपरेशन तक किए जाने की बात सामने आई है। साथ ही इलाज के नाम पर मरीजों से बड़ी राशि वसूले जाने का भी दावा किया गया है।

यह भी आरोप लगाया गया है कि क्लिनिक का मुख्य गेट सील होने के बावजूद पीछे के रास्ते से इलाज जारी है, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश है।

इसके अलावा शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक परिजन, जो अन्य जिले में पदस्थ है, द्वारा सरकारी कोटे की नि:शुल्क दवाएं यहां पहुंचाई जा रही थीं। हालांकि इस संबंध में अभी जांच की जा रही है।

पूर्व में इंजेक्शन लगाने से दो महिलाओं की मौत से जुड़े मामलों का उल्लेख भी शिकायत में किया गया है, जिनमें से एक प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है। प्रशासन ने इन तथ्यों की भी जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में सीबीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर ने बताया कि संबंधित व्यक्ति के पास इलाज करने की कोई वैध डिग्री नहीं पाई गई है। नियमों के विरुद्ध संचालित क्लीनिक को सील कर दवाएं जब्त की गई हैं तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।

Next Post

राज्यसभा के लिए दबाव की रणनीति है दिग्विजय सिंह की संघ पर तारीफ : नरोत्तम मिश्रा

Tue Dec 30 , 2025
भोपाल। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रशंसा किए जाने पर तीखा हमला बोला है। डॉ. मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह के बयान से ओसामा बिन लादेन की आत्मा दोजख में रो रही होगी और जाकिर […]

You May Like