तेज रफ्तार स्कूटर सवारों ने हेड कांस्टेबल को मारी टक्कर, कई फीट तक घसीटा

इंदौर: फूटी कोठी चौराहे पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस की चेकिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया. तेज रफ्तार स्कूटर पर सवार तीन युवकों ने ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिसकर्मी कई फीट तक स्कूटर के साथ घसीटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना रात करीब 1 बजे की है, इस दौरान मौके पर जोन-4 डीसीपी आनंद कल्याडगी, एडीशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल और एसीपी शिवेन्द्र जोशी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे.

पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर शहरभर में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चल रहा है. इसी दौरान आराधना नगर में रहने वाला स्कूटर सवार युवक सात्विक, हुजूरगंज में रहने वाला कार्तिक और शिक्षक नगर में रहने वाला सजल चेकिंग प्वाइंट से गुजर रहे थे. सिपाही ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने उल्टा बदतमीजी की और स्कूटर तेजी से भगाने लगे.

इसी दौरान हेड कांस्टेबल दिनदयाल उर्फ डीडी शर्मा ने स्कूटर रोका तो युवकों ने सीधी टक्कर मार दी. हादसे में शर्मा सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े और उनके सिर पर गहरी चोट व पैर में फ्रैक्चर हो गया. हड़कंप मचने के बाद पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत यूनिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया है, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. दूसरी ओर स्कूटर सवार तीनों युवक भी गिर पड़े, जिन्हें मौके पर ही दबोच लिया. पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर स्कूटर जब्त कर लिया है. उनके खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव, हत्या के प्रयास और सरकारी कार्य में बाधा सहित कई धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है.

Next Post

सुरों से सजी एक शाम में गायक साई राम अय्यर व कलाकार देंगे प्रस्तुति

Tue Sep 9 , 2025
सागर: गीतकार ,राजनेता व संस्कृति धर्मी स्वर्गीय विट्ठल भाई पटेल की स्मृति में 14 सितंबर को शाम 7:00 बजे से संगीत संध्या एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। पद्माकर सभागार मोती नगर सागर में आयोजित सुरों से सजी इस महफिल में एक साथ कई आवाजों में गाने वाले गायक […]

You May Like

मनोरंजन