नयी दिल्ली, 06 अक्टूबर (वार्ता) मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और यह संविधान के दायरे में रहकर चुनाव कराती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव करना चुनाव आयोग की प्राथमिकता है।
श्री कुमार ने बिहार चुनाव की तिथियों की घोषणा के लिए यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आयोग बिहार की जनता को बताना चाहता है कि इस बार मतदाताओं के लिए चुनाव सिर्फ सुगम ही नहीं होगा बल्कि कानून व्यवस्था पर पूरी निगरानी रखकर पारदर्शिता से चुनाव संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि एसआईआर हर राज्य में करने का आयोग ने निर्णय लिया है और उस पर काम हो चुका है तथा राज्यवार उसकी तिथियां तय जायेगी। उन्होंने कहा कि बिहार के सभी मतदाताओं ने एसआईआर प्रक्रिया में चुनाव आयोग के साथ मिलकर पूर्ण सहयोग दिया है। किसी भी मतदाता ने शिकायत नहीं की, और यदि कहीं कोई समस्या आई भी, तो उसे ईआरओ स्तर पर ही सुलझा लिया गया।
उन्होंने कहा कि नामों को मतदाता सूची से हटाने के मुख्य कारण हैं- मृत्यु, नागरिकता साबित न होना, या स्थायी रूप से किसी अन्य राज्य में चले जाना. इस संबंध में सभी आंकड़े राजनीतिक दलों के साथ साझा किए गए हैं।
