मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा शुरू किया गया ‘यूनिफाइड डिजिटल जस्टिस मॉडल’ भारतीय न्याय व्यवस्था के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जाएगा. पुलिस, अदालत, जेल, फॉरेंसिक और मेडिकल तंत्र को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोडऩे का यह प्रयास केवल तकनीकी सुधार नहीं, बल्कि न्याय की प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम है. जिस देश में वर्षों तक अदालतों में फाइलों के ढेर, तारीख पर तारीख और आदेशों के क्रियान्वयन में देरी न्याय व्यवस्था की पहचान बन गई थी, वहां यह पहल एक नई उम्मीद जगाती है.
सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि अब जमानत आदेश के बाद कैदी की रिहाई में घंटों या कई दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. यदि वास्तव में आदेश जारी होने के दस मिनट के भीतर रिहाई संभव होती है, तो यह भारतीय न्याय प्रणाली में ‘प्रक्रियागत देरी’ के खिलाफ सबसे प्रभावी सुधारों में गिना जाएगा. कई बार ऐसा देखा गया है कि अदालत से जमानत मिलने के बावजूद तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से आरोपी को अतिरिक्त समय जेल में बिताना पड़ता था. यह स्थिति संविधान द्वारा प्रदत्त व्यक्तिगत स्वतंत्रता की भावना के विपरीत थी. नई डिजिटल व्यवस्था इस विसंगति को काफी हद तक समाप्त कर सकती है. इसी प्रकार अदालतों के आदेशों और प्रमाणित प्रतियों का व्हॉट्सएप और ईमेल के माध्यम से उपलब्ध होना आम नागरिकों के लिए बड़ी राहत है. छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को अब केवल एक कॉपी लेने के लिए अदालतों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. यह न्याय तक पहुंच को आसान और सुलभ बनाने की दिशा में ठोस पहल है. डिजिटल समन और नोटिस की व्यवस्था से मुकदमों की सुनवाई में देरी कम होगी और अदालतों की कार्यक्षमता बढ़ेगी.
इस मॉडल का एक और महत्वपूर्ण पहलू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग है. बड़े मामलों की ऑटो-समरी तैयार होने से जजों और वकीलों का समय बचेगा तथा मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी. भारत में करोड़ों लंबित मामलों के बीच तकनीक का यह उपयोग न्यायिक प्रक्रिया को अधिक सक्षम बना सकता है. साथ ही, फॉरेंसिक और मेडिकल रिपोट्र्स का सीधे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड होना सबूतों से छेड़छाड़ की संभावनाओं को भी कम करेगा.
हालांकि, इस डिजिटल क्रांति के साथ कुछ चुनौतियां भी जुड़ी हैं. साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता और डिजिटल साक्षरता सबसे बड़ी चिंता होंगी. यदि न्यायिक डेटा सुरक्षित नहीं रहा, तो इसका दुरुपयोग गंभीर परिणाम पैदा कर सकता है. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और तकनीकी संसाधनों की कमी भी इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन में बाधा बन सकती है. इसलिए तकनीक के साथ मजबूत सुरक्षा और प्रशिक्षण तंत्र भी विकसित करना होगा. दरअसल,मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का यह मॉडल केवल एक राज्य की पहल नहीं, बल्कि भविष्य की न्याय व्यवस्था की झलक है. यदि यह प्रयोग सफल होता है, तो देश के अन्य राज्यों के लिए भी आदर्श बन सकता है. न्याय में देरी को लोकतंत्र की सबसे बड़ी कमजोरियों में माना जाता है. ऐसे में डिजिटल तकनीक के माध्यम से ‘त्वरित और पारदर्शी न्याय’ की दिशा में उठाया गया यह कदम वास्तव में स्वागत योग्य है.
