
आरोपी के कब्जे से लाखों के आभूषण बरामद
आरोपी के खिलाफ 14 अपराध हैं दर्ज
नव भारत न्यूज
इंदौर. थाना विजय नगर पुलिस ने दिन-दहाड़े सूने घर में सेंध लगाकर लाखों की चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन लाख के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ 14 मामले पहले से दर्ज है. पुलिस आरोपी से अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है.
विजय नगर थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि घटना शनिवार 25 जनवरी की हैं. स्कीम नम्बर 54 में रहने वाले 29 वर्षीय फरियादी अंशुल दासंधा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 24 जनवरी की दोपहर 2 बजे वह अपने परिवार के साथ घर को ताला लगाकर नौकरी पर गया था. जब रात 9 बजे लौटा, तो देखा कि मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था, अलमारियां खुली पड़ी थीं और कीमती आभूषण गायब थे. चोरी हुए सामान में एक सोने की अंगूठी, हीरे जड़े कान के टॉप्स, नकद दस हजार रुपए के साथ तीन बाथरूम की टोटियां और दरवाजों की कुंडियां भी चोरी कर ले गए थे. फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्जकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लाला का बगीचा में रहने वाले आरोपी सूरज जाटव की पहचान की. इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सूरज को शहीद पार्क के पास से गिरफ्तार किया.
विभिन्न थानों में 14 से अधिक प्रकरण
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब तीन लाख रुपए के चोरी के सोने और चांदी के आभूषणों के साथ अन्य सामग्री भी जब्त की है. थाना प्रभारी पटेल ने बताया कि आरोपी सूरज जाटवा शातिर हैं, उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में 14 से अधिक प्रकरण दर्ज है. वह चोरी के साथ ही नशीले पदार्र्थोंं की तस्करी में भी लिप्त रहा है.
