
खंडवा। सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल के वर्ष 2000 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का 25 साल बाद बैक टू बेंचेस मिलन समारोह 2 और 3 मई को उत्साही माहौल में आयोजित हुआ। दो दिवसीय कार्यक्रम में देश-विदेश से करीब 70 पूर्व विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत 2 मई को होटल राज रेजीडेंसी में हुई, जहां परिचय, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, संगीत, कराओके और आपसी संवाद के बीच पुराने साथियों ने स्कूल के दिनों की यादें ताजा कीं। पुणे, बेंगलुरु, नांदेड़ सहित देश के विभिन्न शहरों के साथ-साथ अमेरिका और नाइजीरिया से भी पूर्व छात्रों की भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिला।
3 मई को सभी पूर्व छात्र स्कूल परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने प्रार्थना सभा में भाग लिया, कक्षाओं का भ्रमण किया और गुरुजनों का सम्मान किया। वर्षों बाद शिक्षकों और साथियों से मिलकर कई भावुक पल भी देखने को मिले। पूर्व छात्रों ने विद्यालय के प्रति आभार जताते हुए संगीत वाद्ययंत्र भेंट करने का निर्णय लिया, ताकि वर्तमान विद्यार्थियों को लाभ मिल सके।
कार्यक्रम का समापन समूह फोटो के साथ हुआ। आयोजन में शामिल पूर्व छात्रों ने इसे यादगार बताते हुए कहा कि यह सिर्फ पुनर्मिलन नहीं, बल्कि स्कूल और पुराने रिश्तों के प्रति जुड़ाव का एक खास अवसर रहा।
