घोरौलीकला विस्थापित बैगा बस्ती में पीड़ित से मुलाकात करने पहुंची मंत्री, विधायक व जिलाध्यक्ष 

सिंगरौली । नपानि सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 22 घोरौलीकला बैगा बस्ती निवासी अन्ने बैगा के साथ बर्बरता पूर्वक की गई मारपीट का मामला तूल पकड़ा हुुआ है। विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार पर जमकर जहां हमला बोला है, वहीं वीडियों वायरल होने के बाद पंचायत राज्यमंत्री राधा सिंह, विधायक रामनिवास शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, एसडीएम, सीएमएचओ समेत अन्य पहुंच पीड़ित अन्नेलाल बैगा से हालचाल पूछा। इस दौरान मंत्री एवं विधायक ने टीआई अनिल पटेल को सख्त निर्देश देते हुये कहा है कि आरोपियों के विरूद्ध सख्त-सख्त कार्रवाई करें। पंचायत मंत्री राधा सिंह एवं विधायक ने पीड़ित बैगा के घर पहुंच पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी हासिल करते हुये जख्मी अन्नेलाल पिता अजमेर बैगा उम्र 40 वर्ष को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय के लिए रवाना किया। वहीं इस दौरान पीड़ित अन्नेलाल व उसकी पत्नी देवसिया बैगा ने क्रूर, निर्दयी एमडी सिंह, प्रदीप पटेल, विनित पाण्डेय के बारे में बताया और कहा कि डेढ़ महीने तक रिपोर्ट न करने का कारण धमकी थी। आरोपियों ने साफ तौर पर कहा था कि पुलिस तक गये तो सभी को जान से मार दूंगा, घर में आग लगा दूंगा, डर के कारण थाने नही जा सका। वीडियों किसने बनाया नही पता। इस दौरान विधायक ने साफतौर पर कहा कि बजरंग सिक्योरिटी निरस्त करें और मधुकान कंपनी पर कार्रवाई करें। एनसीएल निगाही परियोजना के एसओपी को सख्त लहजे में मंत्री एवं विधायक ने कार्रवाई करने के लिए कहा। साथ ही पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि डरने की कोई बात नही है, यदि ऐसी कोई बात सामने आती है तो तत्काल हम लोगों का बताएं।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पीड़ित से की बात

म.प्र. कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने फोन के माध्यम से पीड़ित आदिवासी बैगा अन्ने से बात करते हुये पूरे घटनाक्रम के बारे में जाना। जहां अन्ने बैगा ने अपने साथ हुये घटनाक्रम के बारे में अवगत कराते हुये निजी सुरक्षा संचालक एवं उसके गुर्गो के बारे में बताया और उसने बताया कि लकड़ी बिनने गया था, जहां बेरहमी से मारपीट की गई है। जीतू पटवारी को स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने बात कराया था। उन्होंने यह वीडियों सोशल मीडिया में वायरल करते हुये प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुये कहा कि अपराध व्यापक पैमाने पर बढ़ रहे हैं और आदिवासी तथा महिलाएं इस भाजपा के मोहन सरकार में सुरक्षित नही हैं।

दो आरोपी गिरफ्तार, पहुंचे जेल

आदिवासी बैगा के साथ बर्बरता पूर्वक की गई मारपीट के मामले में नवानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी बजरंग सिक्योरिटी के संचालक मकरध्वज सिंह पिता स्व. विक्रमादित्य सिंह उम्र 55 वर्ष एवं प्रदीप पटेल पिता ईश्वरदीन पटेल उम्र 50 वर्ष सुरक्षागार्ड को गिरफ्तार किया गया है। वहीं मकरध्वज सिंह एवं प्रदीप पटेल के कब्जे से बन्दूक भी जप्त कर लिया गया। तीसरे आरोपी विनित पाण्डेय की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है, वहीं इस कार्रवाई में एएसआई अजीत सिंह, अरविन्द चतुर्वेदी, प्रआर प्रवीण सिंह, आर वीरबहादुर सिंह, अमृत राजपूत एवं दिलीप धाकड़ का योगदान सराहनीय रहा।

डीजल चोरी कराने में एमडी की अहम भूमिका

एनसीएल परियोजना निगाही में बजरंग सिक्योरिटी के कर्ताधर्ता एमडी सिंह पर आरोप है कि इनके द्वारा रोजाना कम से कम 2 हजार लीटर डीजल की चोरी कराया जा रहा है। अपने ही सिक्योरिटी गार्डो के माध्यम से डीजल का यह खेला चल रहा था। सूत्र बताते हैं कि एमडी सिंह व उसके गुर्गे भी इसी काम में लगे हुये थे। जो उसका विरोध करता था, उन्हें किसी न किसी माध्यम से प्रताड़ित किया जाता था। ऐसी चर्चाएं अब खुल कर सामने आने लगी हैं। डीजल चोरी के खेल में एमडी सिंह एवं विनित का नाम तेजी से सामने आ रहा है। निष्पक्ष जांच के बाद ही असलियत सामने आ सकती है।

Next Post

गुदड़ी में लिपटी आदिवासी किशोरी के शव को हाथों में ले जाने मबजूर हुए परिजन

Sun May 3 , 2026
अशोकनगर। रविवार दोपहर को डेढ़ बजे जब पारा 40 डिग्री के पार था और जमीन भट्टी जैसे तप रही थी। ऐसी भीषण गर्मी में बहादुरपुर कस्बे में सड़क किनारे एक आदिवासी किशोरी का शव सड़क किनारे गुदड़ी में लिपटा हुआ रखा था। इस शव के पास में किशोरी का भाई […]

You May Like