पारंपरिक रूप से निर्मित आईएनएसवी कौंडिन्य भारतीय नौसेना में शामिल

नयी दिल्ली 21 मई (वार्ता) भारतीय नौसेना ने पारंपरिक रूप से ‘सिले हुए जहाज’ को अपने बेड़े में शामिल कर उसे आईएनएसवी कौंडिन्य नाम दिया है।

इस जहाज को बुधवार को कारवाड़ स्थित नौसेना बेस में आयोजित समारोह में नौसेना के बेड़े में शामिल किया गया। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जो भारत की समृद्ध जहाज निर्माण विरासत को संजोने वाली एक असाधारण परियोजना के समापन का प्रतीक है।

आईएनएसवी कौंडिन्य एक सिला हुआ पाल वाला जहाज है, जो अजंता की गुफाओं की पेंटिंग में दर्शाए गए 5वीं शताब्दी के जहाज पर आधारित है। इस परियोजना की शुरुआत संस्कृति मंत्रालय, भारतीय नौसेना और मेसर्स होदी इनोवेशन के बीच जुलाई 2023 में हस्ताक्षरित एक त्रिपक्षीय समझौते के माध्यम से की गई थी, जिसके लिए संस्कृति मंत्रालय ने वित्त पोषण किया था। सितंबर 2023 में इस जहाज के निर्माण की शुरूआत की गई। इस जहाज का निर्माण केरल के कुशल कारीगरों की एक टीम ने सिलाई की पारंपरिक विधि का उपयोग करके किया था। इसका नेतृत्व मास्टर शिपराइट बाबू शंकरन कर रहे थे। कई महीनों तक, टीम ने कॉयर रस्सी, नारियल फाइबर और प्राकृतिक राल का उपयोग करके जहाज के पतवार पर लकड़ी के तख्तों को बड़ी मेहनत से सिल दिया। इस जहाज को इस वर्ष फरवरी में गोवा में लॉन्च किया गया था।

भारतीय नौसेना ने इस परियोजना में केंद्रीय भूमिका निभाई और इसकी डिजाइन, तकनीकी सत्यापन और निर्माण प्रक्रिया की देखरेख की। ऐसे जहाजों के कोई बचे हुए ब्लूप्रिंट न होने के कारण, डिजाइन को प्रतीकात्मक स्रोतों से अनुमान लगाया जाना था। नौसेना ने जहाज निर्माता के साथ मिलकर पतवार के आकार और पारंपरिक रिगिंग को फिर से बनाया और यह सुनिश्चित किया कि डिजाइन को समुद्री इंजीनियरिंग विभाग, आईआईटी मद्रास में हाइड्रोडायनामिक मॉडल परीक्षण और आंतरिक तकनीकी मूल्यांकन के माध्यम से प्रमाणित किया गया था।

भारतीय नौसेना के नौवहन पोत (आईएनएसवी) के रूप में शामिल, कौंडिन्य कारवाड़ में स्थित रहेगा। यह जहाज अब अपने अगले ऐतिहासिक चरण में प्रवेश करेगा, जिसमें गुजरात से ओमान तक प्राचीन व्यापार मार्ग के साथ एक महासागरीय यात्रा की तैयारी शामिल है जो इस वर्ष के अंत में निर्धारित है।

Next Post

आरईसी लिमिटेड ने बॉन्ड के प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए सफलतापूर्वक ₹5,635 करोड़ जुटाए

Wed May 21 , 2025
गुड़गांव, 21 मई 2025: आरईसी लिमिटेड, महारत्न सीपीएसयू और विद्युत मंत्रालय के तहत प्रमुख एनबीएफसी, ने बॉन्ड के निजी प्लेसमेंट के माध्यम से सफलतापूर्वक ₹ 5,635 करोड़ जुटाए हैं। इस पेशकश में 6.52% प्रति वर्ष के कूपन पर 2 साल 8 महीने के बॉन्ड के माध्यम से ₹ ​​3,000 करोड़ […]

You May Like