विदिशा: शहर के सिविल लाइन थाना में पदस्थ एक उप निरीक्षक (एसआई) पर शादी का झांसा देकर युवती से दुराचार करने का गंभीर आरोप सामने आया है. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी उप निरीक्षक जयप्रकाश रसीले के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. घटना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने आरोपी अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी जयप्रकाश रसीले वर्ष 2016 बैच का उप निरीक्षक है और वर्तमान में विदिशा के सिविल लाइन थाना में पदस्थ था. लटेरी क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने उस पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से की थी. शिकायत मिलने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपों को प्रथम दृष्टया गंभीर पाया गया.
इसके बाद आरोपी उप निरीक्षक के खिलाफ विधि अनुसार अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई. पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान पीड़िता के बयान और अन्य ने साक्ष्यों को संकलित किया गया। पर्याप्त आधार मिलने पर आरोपी अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इसके बाद उसके खिलाफ दुष्कर्म एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में विभागीय स्तर पर भी सख्त रुख अपनाया गया. पुलिस अधीक्षक ने आरोपी उप निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. विभाग का कहना है कि पुलिस सेवा में पदस्थ किसी भी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अनुचित आचरण किए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर पक्षपात नहीं किया जाएगा. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों को गंभीरता से परखा जाएगा.
