‘यादें’ की खासियत है रिलेटेबल कहानियों में ताज़गी भरा ट्विस्ट : अर्जुन पुंज

मुंबई, 13 जून (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय शो ‘यादें’ में डिग्गी का किरदार निभा रहे अभिनेता अर्जुन पुंज का कहना है कि इस धारावाहिक की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऐसी कहानियां हैं, जिनसे दर्शक खुद को जोड़ पाते हैं और जिनमें एक नया एवं ताज़गी भरा ट्विस्ट भी देखने को मिलता है।ह्यूमर, भावनाओं और रोजमर्रा की जिंदगी के मेल से सजा ‘यादें’ लगातार ऐसी कहानियां पेश कर रहा है, जिन पर दर्शक मुस्कुरा सकें। शो में अर्जुन पुंज द्वारा निभाया जा रहा डिग्गी का किरदार डॉ. सृष्टि की जिंदगी में अहम भूमिका निभाता नजर आ रहा है।

अर्जुन पुंज ने कहा, “सोनी सब का ‘यादें’ दर्शकों के लिए हमेशा रिलेटेबल रहता है और साथ ही एक ताज़गी भरा ट्विस्ट भी जोड़ता है। यही बात इसे खास बनाती है।” अपने किरदार के बारे में अर्जुन ने कहा कि डिग्गी एक शांत, संतुलित और परिपक्व व्यक्ति है, जो कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य नहीं खोता। उन्होंने कहा कि डिग्गी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह किसी भी विवाद या भावनात्मक स्थिति को समझदारी और संतुलन के साथ संभालता है तथा लोगों को जल्दबाजी में प्रतिक्रिया देने के बजाय सोच-समझकर निर्णय लेने की सलाह देता है।उन्होंने बताया कि डिग्गी की सबसे बड़ी ताकत उसका संतुलित दृष्टिकोण है। वह हर स्थिति को सभी पक्षों से समझने का प्रयास करता है और सहानुभूति तथा तर्क के साथ आगे बढ़ता है।

यही गुण उसे अन्य किरदारों से अलग बनाते हैं। शो में अपने पसंदीदा दृश्य का जिक्र करते हुए अर्जुन ने कहा कि उनका सबसे पसंदीदा क्षण वह पहला दृश्य है, जिसे उन्होंने शो के लिए शूट किया था। इस दृश्य में डिग्गी ने तनावपूर्ण माहौल को अपने हास्य और समझदारी से सहज बना दिया था। उनके अनुसार, यही दृश्य डिग्गी के व्यक्तित्व को सबसे बेहतर ढंग से दर्शाता है। डिग्गी जैसे भावनात्मक रूप से संतुलित किरदार को निभाने की चुनौती पर अर्जुन ने कहा कि सबसे कठिन काम उस शांति और संयम को बनाए रखना है, जहां सामान्य तौर पर लोग भावनात्मक प्रतिक्रिया देते हैं। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता के रूप में कई बार परिस्थितियों के अनुसार तीव्र प्रतिक्रिया देने का मन होता है, लेकिन डिग्गी का स्वभाव परिस्थितियों को समझने और फिर प्रतिक्रिया देने का है।

‘यादें’ की कहानी को लेकर अर्जुन ने कहा कि यह शो केवल अस्पताल और मेडिकल मामलों तक सीमित नहीं है, बल्कि रिश्तों, हास्य, भावनाओं और अप्रत्याशित घटनाओं का भी सुंदर मिश्रण है। यही संतुलन दर्शकों को शो से जोड़े रखता है। सह-कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए अर्जुन ने कहा कि इकबाल खान, गुल्की जोशी और पूरी टीम के साथ काम करना बेहद सुखद अनुभव रहा है। उन्होंने कहा कि सेट पर सभी कलाकारों के बीच अच्छा तालमेल है, जिससे काम करना और भी सहज हो जाता है। आने वाले एपिसोड्स के बारे में ज्यादा खुलासा किए बिना अर्जुन ने संकेत दिया कि डिग्गी की भूमिका आगे और महत्वपूर्ण होने वाली है तथा दर्शकों को उसके जीवन से जुड़े कई दिलचस्प घटनाक्रम देखने को मिलेंगे। ‘यादें’ का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 8 बजे सोनी सब पर किया जाता है।

.....

Next Post

NEET Exam 2026: 21 जून को ही होगी परीक्षा, भ्रम में न रहें छात्र- प्रधान

Sat Jun 13 , 2026
भोपाल: राजधानी पहुंचे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट परीक्षा को लेकर चल रहे विवादों के बीच स्पष्ट किया कि परीक्षा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को ही आयोजित की जाएगी। उन्होंने छात्रों से किसी भी तरह की अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की […]

You May Like