सिंहस्थ के निर्माण कार्यों का वरिष्ठ अधिकारी लगातार करें निरीक्षण

इंदौर: नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विभागीय अधिकारियों को सिंहस्थ के निर्माण कार्यों का उज्जैन पहुँचकर निरीक्षण करने के निर्देश दिये हैं. मंत्री विजयवर्गीय सोमवार को मंत्रालय में बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में ही पूरा किया जाये.
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि सिंहस्थ में आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिये राज्य सरकार की ओर से संसाधनों की कमी नहीं होने दी जायेगी.

उन्होंने आयोजन की बेहतर व्यवस्था के लिये विभिन्न विभागों के साथ लगातार बैठक करने के भी निर्देश दिये. बैठक में रेलवे द्वारा किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई. मंत्री ने कहा कि मेला क्षेत्र में ट्रेन से पहुँचने वाले यात्रियों की सुविधा के लिये रेलवे स्टेशन के पास ही पर्याप्त मात्रा में स्नान-गृह एवं सुलभ कॉम्पलेक्स की व्यवस्था हो.
सड़कों के चौड़ीकरण की दी जाए प्राथमिकता
नगरीय विकास मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि उज्जैन से जुड़े धार्मिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कों के चौड़ीकरण कार्य को प्राथमिकता दी जाये. उन्होंने आकस्मिक सेवा, जिनमें अग्निशमन, स्वास्थ्य, पेयजल आदि की भी जानकारी प्राप्त की. विजयवर्गीय ने कहा कि निर्माण कार्यों के साथ मेला क्षेत्र की मेपिंग का कार्य भी किया जाये, जिससे आवागमन सुविधाजनक हो सकेगा. उन्होंने कान्ह नदी के डायवर्सन, सिंहस्थ में क्षिप्रा नदी में जल की निरंतर प्रवाह योजना, घाट निर्माण के बारे में भी जानकारी प्राप्त की. मंत्री श्री विजयवर्गीय ने उज्जैन संभाग के बस स्टैण्ड के उन्नयन की योजना के बारे में भी जानकारी प्राप्त की.
जरूरी प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय भेजे जा रहे
अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने बताया कि सिंहस्थ के दौरान रेलवे की बेहतर व्यवस्था के लिये आकलन कर जरूरी प्रस्ताव रेलवे मंत्रालय को भेजे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिन कार्यों को मंजूरी मिल गयी है, संबंधित एजेंसी को डीपीआर तैयार कर जल्द काम शुरू करने के लिये कहा गया है. निर्माण कार्य और व्यवस्था से जुड़े सभी काम दिसम्बर-2027 तक हर हाल में पूरे किये जायेंगे.
कई कार्यों की जा चुकी मंजूरी
नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि ऊर्जा विभाग के 329 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है. इंदौर-उज्जैन मार्ग का 6 लेन में चौड़ीकरण का कार्य 1692 करोड़ रूपये और इंदौर-उज्जैन वैकल्पिक मार्ग 4 लेन लम्बाई 49 किलोमीटर के लिये 950 करोड़ रुपये की मंजूरी दी जा चुकी है. बैठक में संस्कृति, पर्यटन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गयी

Next Post

खंडवा, ओंकारेश्वर और हनुमंतिया अब हवाई सफर से जुड़ेंगे

Wed Sep 24 , 2025
खंडवा: प्रदेश सरकार ने पर्यटन और तीर्थ स्थलों को तेज़ और सुविधाजनक यातायात से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. अब खंडवा, ओंकारेश्वर और हनुमंतिया जैसे प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक सवारी बसों की तर्ज पर टिकट लेकर हेलीकॉप्टर से यात्रा की जा सकेगी. खंडवा से इंदौर […]

You May Like