
भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में होटल संचालक की हत्या के बाद इलाके का माहौल अचानक गरमा गया। 35 वर्षीय युवक की हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
घटना के विरोध में विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने के सामने सड़क पर उतर आए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में भारी बल तैनात कर दिया है, जिससे पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील नजर आ रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तीसरे आरोपी को जल्द पकड़ने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
