
सीहोर। एक सप्ताह से अहमदपुर वन परिक्षेत्र में तेंदुए की मूवमेंट नजर आ रहा है. जिससे यहां के ग्रामीण डर और दहशत के साए में हैं लेकिन अभी तक वन विभाग तेंदुए को पकडऩे में विफल है. शनिवार को जब ग्रामीण वन विभाग के कार्यालय ज्ञापन सौंपने पहुंचे तो वहां अधिकारी ही नहीं मिले जिससे नाराज ग्रामीणों ने अपना विरोध जताते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए.
अहमदपुर वन परिक्षेत्र में एक सप्ताह से तेंदुए की मूवमेंट से ग्रामीण दहशत में हैं. ग्रामीणों का सब्र का बांध तब फूट गया जब कई गांव के ग्रामीण अहमदपुर वन विभाग के डिप्टी रेंजर हरिप्रसाद डागर को को ज्ञापन सौंपने पहुंचे, लेकिन कार्यालय में कोई अधिकारी नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए वन विभाग मुर्दाबाद के नारे भी लगाए.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मुख्यालय पर अधिकारी नहीं रहते. आज हम ज्ञापन सौंपने आए थे. यहां पर कोई भी अधिकारी नहीं मिला. अहमदपुर वन विभाग में अधिकारियों के नदारद होने से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और ग्रामीणों ने वन विभाग मुर्दाबाद के नारे लगा दिए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पिछले एक सप्ताह से लगातार वन विभाग को तेंदुए की मूवमेंट के बारे में अवगत कराया जा रहा है. लेकिन वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है. ग्रामीणों ने तेंदुओं को पकड़कर रेस्क्यू करने की मांग की है. ग्रामीणों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की.
