
भोपाल। जीआरपी भोपाल ने रेलवे कालोनी में स्थित एक मकान से चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है. जीआरी ने चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से सोने चांदी के कीमती आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े तीन लाख रूपये मशरुका बरामद किया गया है. आरोपी ने व्यवहार बनाकर पड़ोस के घर में की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.
जीआरपी भोपाल थाने से मिली जानकारी के अनुसार बीते 3 मई को फरियादी सुरेश चन्द्र मौर्य निवासी रेलवे कॉलोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी. सुरेश ने बताया कि किसी अज्ञात बदमाश ने उनके घर की अलमारी से लेडिस पर्स चोरी कर लिया, जिसमें सोने के आभूषण दो मंगलसूत्र, एक सोने की चैन, एक जोड़ चांदीकी पायल, चांदी की बिछिया रखी थी. चोरी की घटना पर जीआरपी की टीम कार्रवाई कर रही थी. इस दौरान 23 अक्टूबर को चोरी की घटना को अंजाम देने वाले संदेही की जानकारी मिली. आरोपी आदित्य निवासी निशातपुरा, जो अपने रेलकर्मी मामा के यहाँ काम की तलाश में आता-जाता रहता था. उससे जीआरपी ने कड़ाई से पूछताछ की और आरोपी ने वारदात की बात स्वीकार की. आदित्य ने बताया कि फरियादी से व्यवहार बनाते हुए, लालच में आकर जेवरात चोरी किए थे. आरोपी ने चोरी का यह सामान अपने मामा के ही घर में छिपाकर रखा था, जिसे बरामद कर कार्रवाई पूरी की गई.
