मुंबई, (वार्ता) वाहन निर्माण समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 4,668 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो सालाना आधार पर 42 फीसदी अधिक है।
कंपनी के निदेशकमंडल ने प्रति इक्विटी शेयर 33 रुपये के लाभांश की घोषणा की है।
निदेशकमंडल द्वारा मंगलवार को मंजूर वित्तीय परिणामों में बताया गया है कि तिमाही के दौरान कंपनी का कुल राजस्व 29 प्रतिशत बढ़कर 54,982 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी ने 1,98,639 करोड़ रुपये का राजस्व और 17,099 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है जो क्रमशः 25 प्रतिशत और 32 प्रतिशत की वृद्धि दिखाते हैं।
कंपनी ने गत 31 मार्च को समाप्त चौथी तिमाही में 3.07 लाख वाहन बेचे। यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 21 प्रतिशत अधिक है।
इस दौरान, एसयूवी राजस्व हिस्सेदारी में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़कर 24.5 प्रतिशत पर पहुंच गयी।
कृषि उपकरणों (ट्रैक्टरों) में कंपनी की हिस्सादारी 42.1 प्रतिशत हो गयी। कपनी ने इस दौरान 1.20 लाख ट्रैक्टर बेचे
सेवा कारोबार से प्राप्त राजस्व चौथी तिमाही में 23 प्रतिशत बढ़कर 12,147 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 64 फीसदी की वृद्धि के साथ 1,348 करोड़ रुपये रहा।
