इंदौर: वाहनों की गति नियंत्रित कर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों और प्रमुख मार्गों पर लगाए गए प्लास्टिक स्पीड ब्रेकर अब वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं.कई स्थानों पर ये स्पीड ब्रेकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिसके चलते इनके अंदर लगे नट-बोल्ट बाहर निकल आए हैं.
यही खुले नट-बोल्ट अब दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों के टायरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं. वाहन चालकों का कहना है कि टूटे हुए स्पीड ब्रेकरों से गुजरते समय टायर पंचर होने या कटने का खतरा बना रहता है. कई बार चालक इन खुले नट-बोल्ट से बचने के लिए अचानक वाहन मोड़ देते हैं, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ जाता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है. विशेष रूप से रात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि क्षतिग्रस्त स्पीड ब्रेकर आसानी से दिखाई नहीं देते.
सुरक्षा के बजाय खतरे का कारण
वाहन चालक भूषण का कहना है कि जिन स्पीड ब्रेकरों को सड़क सुरक्षा के लिए लगाया गया था, वही अब सुरक्षा के बजाय खतरे का कारण बन गए हैं. ऐसे में नगर निगम को जल्द से जल्द इनकी मरम्मत कराकर या क्षतिग्रस्त स्पीड ब्रेकरों को हटाकर नए स्पीड ब्रेकर लगाने चाहिए, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो. यदि क्षतिग्रस्त स्पीड ब्रेकरों को समय रहते ठीक नहीं कराया गया, तो वे दुर्घटनाओं और वाहन क्षति का बड़ा कारण बन सकते हैं. नगर निगम से लोगों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है.
जल्द मरम्मत कराई जाएगी
चित्र- अभय राजन गांवरक
इस संबंध में नगर निगम के अपर आयुक्त अभय राजन गांवकर ने बताया कि जल्द ही क्षतिग्रस्त प्लास्टिक स्पीड ब्रेकरों की मरम्मत कराई जाएगी तथा जहां आवश्यकता होगी वहां नए स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े
