लॉस एंजेलिस,15 जुलाई (वार्ता) लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 से क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी हो रही है। इस बार के ओलंपिक में क्रिकेट प्रतियोगिता के मैच 12 जुलाई से शुरू होंगे, जबकि 20 और 29 जुलाई को पदक के मैच होंगे। सभी मैच फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में खेले जाएंगे। लॉस एंजेलिस से लगभग 50 किमी दूर पोमोना शहर में एक अस्थायी स्टेडियम बनाया जाएगा।
पुरुष और महिला दोनों ही टूर्नामेंट में छह-छह टीम खेलेंगी, जिसमें 180 खिलाड़ी भाग लेंगे। सभी मैच टी20 प्रारूप में होंगे। हर टीम टूर्नामेंट के लिए 15 खिलाड़ियों को चुन सकती है।
ज्यादातर दिनों पर डबल हेडर मुकाबले होंगे, जबकि 14 और 21 जुलाई को कोई मैच नहीं होगा। मैच लोकल समयानुसार सुबह 9 बजे और शाम 6.30 बजे शुरू होंगे। पदक मैचों के लिए भी यही समय रखा गया है।
लॉस एंजेलिस की मेयर करेन बास ने एक बयान में कहा, ”जब दुनिया इन खेलों के लिए यहां आएगी, तो हम सभी के लिए खेलों की मेजबानी करते हुए हर इलाके को उजागर करेंगे और यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे कि यह एक यादगार विरासत छोड़े।”
उन्होंने आगे कहा, ”हम उस विरासत को पहले ही पूरा कर रहे हैं क्योंकि हम घोषणा करते हैं कि प्लेएलए में दस लाख से ज्यादा नामांकन हो चुके हैं। मैं एलए28 और अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक संघ को धन्यवाद करना चाहती हूं, जिनकी वजह से ये कार्यक्रम मुमकिन हो पाए।”
क्रिकेट पहली बार ओलंपिक में 1900 में शामिल किया गया था। तब केवल दो टीम ग्रेट ब्रिटेन और फ़्रांस ने दो दिन के मैच में भाग लिया था, जहां ग्रेट ब्रिटेन ने स्वर्ण पदक जीता था।
ओलंपिक में क्रिकेट का शामिल होना इस खेल के बढ़ते कद को और मजबूत करता है। महिला क्रिकेट ने 2022 में बर्मिंघम में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में पदार्पण किया, जबकि पुरुष और महिला दोनों 2010, 2014 और 2023 में एशियन गेम्स का हिस्सा रहे हैं। हाल ही में ग्रैंड प्रेयरी, लॉडरहिल और न्यूयॉर्क ने 2024 के टी20 विश्व कप के कई मैचों की मेजबानी की।
