भोपाल। राजधानी में इन दिनों बिजली बिल के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर लोगों को ठगने का नया तरीका सामने आया है. शहर के कई उपभोक्ताओं को ऐसे एसएमएस मिल रहे हैं जिनमें बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर तुरंत भुगतान करने को कहा जा रहा है. मैसेज में एक मोबाइल नंबर भी दिया जाता है जिस पर कॉल करने के लिए दबाव बनाया जाता है, जिससे लोग ठगी के जाल में फंस रहे हैं.
अधिकारियों की चेतावनी-
मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कंपनी कभी भी एसएमएस या कॉल के जरिए व्यक्तिगत नंबर से भुगतान नहीं मांगती. बिल भुगतान केवल अधिकृत पोर्टल, स्मार्ट बिजली एप और काउंटर पर ही लिया जाता है. ऐसे अनजान शातिर लोगों के झांसे में नहीं आए और सावधानी बरतें. न ही के अलावा किसी अन्य मोबाइल एप को डाउनलोड करने की सलाह दी जाती है।
कैसे काम करता है यह जाल-
फर्जी मैसेज में लिखा होता है कि आपका बिजली बिल अपडेट नहीं हुआ है और रात तक बिजली काट दी जाएगी. घबराए हुये उपभोक्ता दिए गए नंबर पर कॉल करते हैं. इसके बाद उनसे ऐप डाउनलोड करवाकर या लिंक के जरिए बैंक डिटेल मांगी जाती है और ठगी हो जाती है.
क्या करें उपभोक्ता-
अज्ञात नंबर पर कॉल न करें. किसी भी लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें. बिजली कटने की सूचना मिले तो आधिकारिक हेल्पलाइन पर ही संपर्क करें. संदेह होने पर नजदीकी बिजली कार्यालय में जानकारी लें.
