
छतरपुर। सटई रोड स्थित लक्ष्मण कॉलोनी में बाल विवाह की सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की का विवाह रुकवा दिया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के परिजनों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी देते हुए कानूनी कार्रवाई के प्रति आगाह किया।
जानकारी के अनुसार संतोष साहू की पुत्री करीना साहू का विवाह 27 जून को प्रस्तावित था। परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना छतरपुर शहरी के नेतृत्व में संयुक्त टीम शाम करीब 7 बजे परिवार के निवास पर पहुंची और परिजनों को समझाया कि बाल विवाह कराना कानूनन अपराध है। टीम ने बताया कि यदि विवाह कराया गया तो वर एवं वधू पक्ष दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद संयुक्त टीम वर पक्ष के घर भी पहुंची और उन्हें भी बाल विवाह नहीं करने की समझाइश दी। कार्रवाई के दौरान दूल्हे को पुलिस अभिरक्षा में लेकर विवाह रुकवाया गया। इस अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी विक्रम सिंह, तहसीलदार पीयूष दीक्षित, सब इंस्पेक्टर वीदू विश्वास सहित पुलिस बल एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
