सतना: जिले में संक्रामक बीमारियों की रिपोर्टिंग में लापरवाही बरतने वाले निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों पर अब स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने सतना और मैहर जिले के 18 अस्पतालों, क्लीनिकों के साथ 10 पैथोलॉजी सेंटरों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अंतिम चेतावनी दी है।
सीएमएचओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक आईडीएसपी कार्यक्रम के तहत संक्रामक बीमारियों की दैनिक रिपोर्ट आईएचआईपी पोर्टल पर अपलोड नहीं की गई। इस गंभीर लापरवाही को विभाग ने जिले की छवि पर धब्बा बताया है।
सीएमएचओ कार्यालय से जारी नोटिस में कहा गया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के निर्देशों के पालन में निजी पैथोलॉजी लैबों के लैब टेक्नीशियन और रिपोर्टिंग कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साथ ही प्रतिदिन फॉर्म-एल में संक्रामक बीमारियों की जानकारी दर्ज करने के आदेश भी दिए गए थे। इसके बावजूद अप्रैल माह में संबंधित संस्थानों ने एक भी दिन रिपोर्ट नहीं भेजी। नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि पत्र मिलने के तीन कार्य दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करें और रोजाना रिपोर्टिंग शुरू करें। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला या आदेश की अनदेखी जारी रही तो संबंधित संस्थानों का तीन दिन के लिए लाइसेंस निरस्त करने की एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।
ये संस्थान है शामिल
इन अस्पताल और क्लीनिक्स में आरोग्यम क्लीनिक नागौद, अथर्व पाली क्लीनिक नागौद, अमृता क्लीनिक पतेरी, बाल गोपाल हास्पिटल भरहुत नगर, चित्रकूट चैरिटेबल हास्पिटल सतना, द्विवित हास्पिटल सतना, डॉ. झॉ हास्पिटल भरहुत नगर सतना, डॉ राकेश अग्रवाल चिल्ड्रन क्लीनिक सतना, डॉ रूपेश गर्ग क्लीनिक राजेन्द्र नगर सतना, डॉ एसपी तिवारी क्लनिक सतना, खरे नर्सिंग होम सतना, लाईफ लाईन केयर पॉली क्लीनिक सतना, परामर्श कक्ष, भरहुत नगर सतना, पाठक हास्पिटल चाणक्यपुरी कालोनी सतना, प्रेम नर्सिंग होम, स्टेशन रोड सतना, संजीवन हास्पिटल सतना, श्रीजी कान्हा हास्पिटल रीवा रोड सतना, डॉ सत्येन्द्र प्रसाद क्लीनिक उचेहरा शामिल है।
वहीं पैथोलॉजी में प्रेमा पैथोलॉजी मैहर, अखण्ड पैथोलॉजी मझगवां, द्विवित हास्पिटल सतना, प्रेम नर्सिंग होम, स्टेशन रोड सतना, बाजपेयी पैथोलॉजी सतना, सिटी लैब पैथोलॉजी सतना, देव पैथोलॉजी लैब सतना, शिवम डायग्नोस्टिक सतना, रेड हार्ट लैब सतना, मां शारदा पैथोलॉजी उचेहरा सम्मिलित है।
