स्वतंत्रता दिवस पर सिंगरौली में आन-बान-शान से लहराया तिरंगा

सिंगरौली। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को जिलेभर में उत्साह, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। बैढ़न के राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से शुरू हुए समारोह में पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण भी किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने संदेश का वाचन किया। तीन रंगों के गुब्बारे आसमान में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की खुशी का इजहार किया गया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र के प्रहरियों का पुष्पगुच्छ, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सूबेदार आशीष तिवारी और परेड उप कमांडर पुष्पेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में जवानों ने अनुशासित एवं आकर्षक परेड प्रस्तुत की। सीनियर वर्ग में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने प्रथम, जिला पुलिस बल ने द्वितीय और विशेष सशस्त्र बल ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न के स्काउट दल ने पहला, एनएसएस महाविद्यालय बैढ़न ने दूसरा और एनसीसी जूनियर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और विकास योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शासकीय कन्या शिक्षा परिसर सिंगरौली प्रथम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैढ़न द्वितीय और संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल बैढ़न तृतीय रहा। समारोह में जिले की विकास पुस्तिका का भी वितरण किया गया।

स्वतंत्रता दिवस पर देवसर, चितरंगी और अन्य जनपद पंचायत मुख्यालयों में भी जनपद अध्यक्षों ने ध्वजारोहण किया। नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय-अशासकीय शिक्षण संस्थानों और कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जगह-जगह तिरंगा रैलियां निकाली गईं।

मुख्य समारोह में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक राम निवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता, व्यापारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Next Post

स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के साथ जनप्रतिनिधियों ने किया विशेष मध्यान्ह भोज

Sat Aug 15 , 2026
सिंगरौली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष मध्यान्ह भोज आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करौटी में हुआ, जहां पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने विद्यार्थियों के साथ पंगत में बैठकर भोजन […]

You May Like