
सिंगरौली। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष मध्यान्ह भोज आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करौटी में हुआ, जहां पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह ने विद्यार्थियों के साथ पंगत में बैठकर भोजन किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ भोजन करते देख बच्चों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्र, विधायक राम निवास शाह, कलेक्टर गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, एसडीएम सुरेश जाधव, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, डीपीसी आर.एल. शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
विशेष मध्यान्ह भोज के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने के साथ उनसे बातचीत भी की। अधिकारियों ने बच्चों से पढ़ाई, स्कूल की गतिविधियों और उनकी रुचियों को लेकर आत्मीय संवाद किया। बच्चों ने भी उत्साह के साथ अतिथियों से बातचीत की। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रीय पर्व की खुशियां साझा करना और उनमें देशभक्ति, सहभागिता तथा सामूहिकता की भावना को मजबूत करना रहा।
भोजन के बाद राज्यमंत्री राधा सिंह सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। जिले के अन्य विद्यालयों में भी विशेष मध्यान्ह भोज के आयोजन से स्वतंत्रता दिवस का उत्साह बच्चों के बीच देखने को मिला।
