बिजली बचत के लिए पुरुष और महिलाओं के मैच दिन की रोशनी में खेले जायेंगे: बीसीबी

ढाका, 09 अप्रैल (वार्ता) बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने बिजली बचत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पुरुष और श्रीलंका के खिलाफ महिला क्रिकेट सीरीज के मैच समय में बदलाव किया है। इसके अब ये मुकाबले दिन की रोशनी में खेले जायेंगे। बीसीबी ने सरकार की ऊर्जा बचाने की पहल का समर्थन करने के लिए न्यूजीलैंड के साथ होने वाली पुरुषों की सफेद गेंद सीरीज और श्रीलंका के साथ होने वाली महिलाओं की टी-20 सीरीज के मैच के समय में बदलाव किया है। ढाका और चटगांव में होने वाले तीनों एकदिवसीय मैच दिन-रात्रि होने वाले थे, लेकिन अब बोर्ड ने कहा है कि वे मैच शुरू होने का समय तीन घंटे पहले कर देंगे। अब एकदिवसीय मैच स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11 बजे शुरू होंगे, जिसका मकसद मैचों को सूरज डूबने तक खत्म करना है। बीसीबी को उम्मीद है कि इससे बिजली की खपत में कम से कम चार घंटे की बचत होगी।

पुरुषों के टी-20 मैच दोपहर दो बजे शुरू होंगे, जिनका मकसद उन्हें शाम 5:10 बजे तक खत्म करना है। तीन मैचों की इस सीरीज के पहले दो टी-20 मैच पहले शाम 6 बजे शुरू होने वाले थे, जबकि तीसरा टी-20 मैच पहले से ही दोपहर 2 बजे शुरू होने वाला था। महिलाओं के टी-20 मैच, जो 28 और 30 अप्रैल और दो मई को सिलहट में होने हैं, अब पहले से तय शाम 6 बजे के बजाय दोपहर 1:30 बजे से होंगे। बीसीबी ने बुधवार को एक बयान में कहा, “बोर्ड ने बंगलादेश सरकार की ऊर्जा बचाने की पहल का समर्थन करने के लिए, आने वाली बंगलादेश बनाम न्यूजीलैंड एकदिवसीय और टी-20 सीरीज के मैच के समय को फिर से तय करने का फैसला किया है। बदला हुआ समय, जिसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी, का मकसद दिन-रात वाले मैचों में दिन की रोशनी का अधिक से अधिक इस्तेमाल करना होगा।”

Next Post

किसानों के हक के लिए सड़क पर कांग्रेस, कलेक्ट्रेट में लगे किसान विरोधी सरकार होश में आओ के नारे

Thu Apr 9 , 2026
भोपाल। जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल (शहर एवं ग्रामीण) ने किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और ग्रामीण अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल ने किया। कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए […]

You May Like