भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल द्वारा मंगलवार को भोपाल अकादमी स्कूल में महात्मा गांधी के जीवन एवं उनके विचारों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी. श्रीनिवास के मार्गदर्शन तथा मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में 14 से 22 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों से महात्मा गांधी के जीवन से संबंधित 50 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए, जिनके उत्तर ओएमआर शीट पर दिए गए।
ओएमआर शीट का मूल्यांकन नई दिल्ली से आई विशेष टीम द्वारा किया गया और परिणाम मौके पर ही घोषित किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में एलईडी टीवी, द्वितीय पुरस्कार में स्मार्टफोन तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में साइकिल प्रदान की गई। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में टी-शर्ट वितरित की गईं।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेता लोकमन कुशवाहा, सालिगराम पाटीदार, पूर्व विधायक मदन कुशवाहा तथा निहाल अहमद सहित सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
