‘बिग बॉस 19’ के वीकेंड का वार में सलमान खान ने अमाल मलिक को उनके रूखे और असम्मानजनक व्यवहार पर कड़ी फटकार लगाई। गौरव खन्ना के कैप्टन बनने पर अमाल ने शो पर पक्षपात के आरोप लगाए थे।
‘बिग बॉस 19’ के वीकेंड का वार एपिसोड में एक बड़े विवाद ने सभी का ध्यान खींचा, जब शो के होस्ट सलमान खान ने कंटेस्टेंट और म्यूज़िक कम्पोजर अमाल मलिक को उनके व्यवहार को लेकर कड़ी फटकार लगाई। यह मामला पिछले हफ्ते से शुरू हुआ था जब गौरव खन्ना के कैप्टन बनने पर अमाल ने बिग बॉस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्हें शो में रहने से कोई फर्क नहीं पड़ता और वह कभी भी बाहर निकल सकते हैं। अमाल की यह टिप्पणी दर्शकों और घरवालों के बीच काफी चर्चा में रही।
रोहित शेट्टी जब पिछले हफ्ते घर में आए थे, तब भी अमाल ने उनके सामने अपनी शिकायतें दोहराईं और ऊंचे स्वर में जवाब देकर स्थिति और बिगाड़ दी। अमाल के इस रवैये को सलमान ने बिल्कुल स्वीकार नहीं किया और वीकेंड पर उन्हें खुलकर लताड़ा। सलमान ने कहा कि अमाल का व्यवहार अपमानजनक है और वह घर में केवल उन लोगों के पीछे बातें करते हैं जिन्हें वह सामने से चुनौती नहीं दे पाते।
