मुंबई (वार्ता) बॉम्बे उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने बदलापुर यौन उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी अक्षय शिंदे की पुलिस हिरासत के दौरान गोली लगने से मौत की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है।
अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
इस संबंध में शनिवार को मुंबई पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) लखमी गौतम ने की।
एसआईटी का नेतृत्व लखमी गौतम करेंगे और इसमें अपराध शाखा के अतिरिक्त सीपी शशि कुमार मीना, डीसीपी दत्ता नलवाडे और अपराध शाखा के कई निरीक्षक और उपनिरीक्षक शामिल होंगे।
एसआईटी जल्द ही मामले की विस्तृत जांच शुरू करेगी।
शुक्रवार को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने आगे की कार्रवाई के लिए सभी मामले के दस्तावेज नवगठित एसआईटी को सौंप दिए।
गौरतलब है कि आरोपी शिंदे को बदलापुर पुलिस ने स्थानीय स्कूल में नाबालिग लड़कियों के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। तलोजा जेल में न्यायिक हिरासत में रहते हुए, उसे 23 सितंबर को उसकी पत्नी द्वारा दर्ज की गई दूसरी एफआईआर के सिलसिले में ट्रांसफर वारंट के जरिए पुलिस हिरासत में लिया गया था। ट्रांजिट के दौरान बंदूक की गोली से आरोपी घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
