उज्जैन। तपती दोपहरी में भोपाल से सीधे खेत-खलिहान के बीच उतरे सीएम ने न सिर्फ व्यवस्थाएं देखीं, बल्कि खुद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चढ़कर गेहूं की फसल हाथ में ली, दानों को परखा और किसानों से सीधा संवाद किया. हाथ मिलाया, हाल-चाल पूछा और खेती-किसानी की बारीकियों पर खुलकर चर्चा की.
मुख्यमंत्री मोहन यादव का अंदाज़ मंगलवार को पूरी तरह देसी और किसान वाला नजर आया. कभी भी कहीं भी हेलीकॉप्टर उतारने की बात कहने वाले सीएम अचानक उज्जैन के नागझिरी स्थित अडानी एग्रो सायलो गेहूं उपार्जन केंद्र पहुँच गए. मंगलवार को अचानक उज्जैन पहुंचकर सेवा सहकारी संस्था दताना और सुरजनवासा के ग्राम मानपुरा स्थित उपार्जन केंद्र एग्रो स्टील साइलो पर गेहूं खरीदी की व्यवस्थाओं को परखा और किसानों से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया की यथास्थिति ली. बिना पूर्व सूचना के मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आगमन उपार्जन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए था.
मौसम, फसल और बीमा
सीएम ने किसानों से मौसम, अगली फसल की तैयारी, बीमा योजना और दवा-छिड़काव तक की जानकारी ली. बातचीत में साफ दिखा कि वे सिर्फ नेता नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े किसान भी हैं. खुद खेती करने का अनुभव होने के कारण उन्हें बोवनी से कटाई और मंडी तक की पूरी प्रक्रिया की गहरी समझ है.
कलेक्टर ने बताई वस्तुस्थिति
जिला कलेक्टर रोशन सिंह ने उन्हें उज्जैन जिले में गेहूं खरीदी की पूरी स्थिति से अवगत कराया. सीएम ने यह भी जाना कि कहीं तौल, भुगतान या तकनीकी दिक्कत तो नहीं आ रही. अधिकारियों से साफ कहा गया कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.
क्षमता बढ़ाई जाए
इस दौरान सीएम ने बड़ा फैसला लेते हुए वेयरहाउस की क्षमता बढ़ाने के आदेश भी जारी कर दिए। इससे बेमौसम बारिश में गेहूं सुरक्षित रहेगा और किसानों का नुकसान नहीं होगा। साथ ही तौल कांटे बढ़ाने और खरीदी प्रक्रिया को और आसान बनाने के निर्देश दिए गए।
स्लॉट बुकिंग की तारीख बढ़ाई
सीएम ने बताया कि प्रदेश में गेहूं खरीदी लगातार जारी है और स्लॉट बुकिंग की तारीख भी बढ़ाई गई है। अब सात दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है. सरकार रोजाना मॉनिटरिंग कर रही है, ताकि किसान को समय पर पैसा और सुविधा दोनों मिल सके। गेहूं के साथ चना और मसूर की खरीदी भी जारी है.
किसान कल्याण वर्ष
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में इस साल को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है. सरकार का फोकस साफ है- अन्नदाता को हर स्तर पर राहत और सम्मान मिले.
किसानों के नाम रहा दिन
कुल मिलाकर मंगलवार का दिन पूरी तरह अन्नदाता के नाम रहा. सीएम खेत में उतरे, फसल को छुआ, किसान से जुड़कर बात की- और यही संदेश दिया कि सरकार सिर्फ फाइलों में नहीं, खेतों में भी काम कर रही है.
ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजीपी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे.
