केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर देशवासियों को दे रही धीमा जहर : केजरीवाल

नयी दिल्ली, 23 मई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पिछले 10-15 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार पर हमला करते हुए शनिवार को कहा कि सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर देशवासियों को धीमा जहर दे रही है।

श्री केजरीवाल ने एक्स पर एक वीडियो साझा कर कहा, “आज फिर से सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। पिछले 10-15 दिनों में तीसरी बार कीमतें बढ़ाई हैं। पिछले 10-15 दिन में पेट्रोल और डीजल के दाम लगभग 4 से 5 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। गैस सिलेंडर के दाम भी बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं। लोगों को घर चलाना मुश्किल हो रहा है। लोग इतने ज्यादा डरे और सदमे में हैं कि लोगों को यह नहीं पता कि सरकार आने वाले दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें और कितना बढ़ाने वाली है। चारों तरफ अफवाहें चल रही हैं कि अभी तो बहुत बढ़ेगा, पेट्रोल 150 रुपए तक जाएगा, पता नहीं कितना जाएगा? सरकार से पूछो तो सरकार कुछ नहीं बता रही है।”

उन्होंने कहा कि देश में न सिर्फ दाम बढ़ रहे हैं, बल्कि देश भर में पेट्रोल, गैस और डीजल की किल्लत हो गई है। गुजरात से तस्वीरें आ रही हैं कि किस तरह से पेट्रोल पंप पर ट्रैक्टरों की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई है, डीजल नहीं मिल रहा है। किस तरह से जगह-जगह लोगों के बीच हाथापाई मची हुई है। उत्तर के गोरखपुर में लोग रात को सड़क पर सो रहे हैं। अपना गैस सिलेंडर भरवाने के लिए लाइनें लगा-लगाकर, मच्छरदानी लगाकर सड़क पर रात-रात भर सो रहे हैं। महाराष्ट्र के अकोला और बुलढाणा में पेट्रोल और डीजल लेने के लिए हाहाकार मचा हुआ है। देश के लोग जानना चाहते हैं कि सरकार बताए तो सही कि आने वाले दिनों के अंदर क्या होने वाला है, स्थिति कितनी खराब होने वाली है? लेकिन सरकार लोगों को कुछ बता ही नहीं रही है।

आप नेता ने कहा , “रूस और ईरान दोनों कह रहे हैं कि हम भारत को सस्ते दामों पर तेल और गैस देने के लिए तैयार हैं, लेकिन भारत सरकार कह रही है कि हम नहीं लेंगे। क्यों नहीं लेंगे? मैं देशवासियों से जानना चाहता हूं कि क्या भारत सरकार को रूस और ईरान से सस्ते दामों पर तेल और गैस लेनी चाहिए या नहीं लेनी चाहिए? यह देश हमारा है, इन नेताओं का नहीं है, किसी पार्टी का नहीं है। हम 140 करोड़ लोगों का देश हैं। मिलकर आवाज उठाएंगे तो सरकार को इस देश के लोगों की सुननी पड़ेगी।

 

Next Post

बघोली मे आग लगने से 10 एकड़ मे लगी गन्ना बाड़ी जलकर राख 

Sat May 23 , 2026
मुलताई। क्षेत्र के ग्राम बघोली मे शाम को 2 किसानो के खेत मे अचानक आग लग जाने से 10 एकड़ मे लगी गन्ना की फ़सल जलकर राख हो गई।नगर पालिका के फायर कर्मचारी सुमित पूरी ने बताया ग्राम बघोली निवासी राजेश बारंगे एवं भरत बारंगे के खेत मे लगी गन्ना […]

You May Like