
सिंगरौली। चितरंगी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय शेरवा में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि बारिश के बाद पूरा विद्यालय परिसर जलभराव और कीचड़ से घिर गया है। पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बच्चों के लिए परिसर में चलना तक मुश्किल हो गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी छात्र-छात्राओं को इसी कीचड़ और जमा पानी के बीच राष्ट्रीय पर्व मनाना पड़ा।
स्थानीय निवासी भूपेंद्र कुमार द्विवेदी ने विद्यालय की बदहाल स्थिति की ओर जिला कलेक्टर और शिक्षा विभाग का ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर बच्चों के पढ़ने के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए भी होना चाहिए, लेकिन जलभराव के कारण बच्चे खुले मैदान का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहने से बच्चों की सुरक्षा और स्वच्छता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
भूपेंद्र द्विवेदी ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिले में जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों की बुनियादी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और विद्यालय परिसर को व्यवस्थित कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
