
रीवा, रीवा शहर मे आधी रात एक ओर जहां पुलिस कॉम्बिंग गस्त कर रही थी तो वहीं बेखौफ अपराधी गैंगवार जैसी घटना में गोलीबारी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. यहां शहर के सिरमौर चौराहे से कार सवारों के बीच शुरु हुआ विवाद बिछिया थाना क्षेत्र तक पहुंचा, जो सडक़ पर वाहन को दौड़ाते हुये ना सिर्फ एक दूसरे को वाहनों से टक्कर मारते रहे बल्कि फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया.
बताया जा रहा है कि दो पक्षों के विवाद में तकरीबन 4 से 5 राउंड फायरिंग हुई है जिसमें दो गोलियों के निशान एक कार में मिले है, वहीं एक व्यक्ति को मामूली चोट भी आई है जिसने पुलिस को गोली कंधे को छूकर निकलना बताया, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नही की है. फिलहाल देर रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तीन अलग अलग स्थानों से घटना में शामिल 3 वाहनों को जप्त किया है, जिनमें से एक कार मे गोलियों के धंसने के निशान मिले है जबकि अन्य वाहनों के कांच फूटे मिले है. पुलिस ने फिलहाल घटना को दो पक्षो का विवाद बताया है, जिसमें एक पक्ष की शिकायत पर 4 लोगों के खिलाफ बिछिया थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है और 3 वाहनों को जप्त किया गया है. दरअसल घटना बीती रात करीब 1 बजे बिछिया थाना क्षेत्र जेल मार्ग की बताई गई, जहा एक कार में कई राउंड फायरिंग की गई है.
घटना के संबध में एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा नें जानकारी देते हुए बताया की मामला दो लोगों का आपसी पुराना विवाद है, और इसी पुराने विवाद के चलते पहले सिरमौर चैराहे में विवाद हुआ जिसके बाद बिछिया के समीप कार मे फायरिंग हुई है. मामले में पीडित पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस पार्टिया आरोपियों की तलाश कर रही है.
