बाल श्रम उन्मूलन को एक सामाजिक आंदोलन बनान जरूरी : विवेक वेंकटस्वामी

हैदराबाद, 15 जून (वार्ता) तेलंगाना के श्रम एवं खान मंत्री डॉ. जी. विवेक वेंकटस्वामी ने बाल श्रम उन्मूलन को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान करते हुए समाज के सभी वर्गों से बाल श्रम मुक्त तेलंगाना के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।

श्री वेंकटस्वामी ने सोमवार को विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर बागलिंगमपल्ली स्थित सुंदरैया विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हर बच्चे का स्थान स्कूल में है, कार्यस्थल पर नहीं। उन्होंने कहा कि बचपन की सुरक्षा और सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि गरीबी और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण कई बच्चे मजदूरी करने को मजबूर हो जाते हैं, जो चिंता का विषय है। समाज को ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आगे आना चाहिये।

उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के शिक्षा संबंधी विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि अनेक पूर्व बाल मजदूरों ने शिक्षा के बल पर अपना जीवन बदला है और अच्छे रोजगार हासिल किये हैं।

श्री वेंकटस्वामी ने बाल श्रम के पूर्ण उन्मूलन के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनता के संयुक्त प्रयासों से ही इस लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सरकार की विभिन्न पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर (एटीसी), कौशल विकास कार्यक्रम और विदेशों में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बाल मजदूरों को बचाने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के लिए काम कर रहे स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए बच्चों के अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए सभी से एकजुट होकर काम करने की अपील की।

 

 

Next Post

6 जून से 5वीं-8वीं की पुन:परीक्षा:483 विद्यार्थी सुधारेंगे परिणाम, उत्तीर्ण होने का मिलेगा दूसरा मौका

Mon Jun 15 , 2026
जावद। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार, कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित रहे विद्यार्थियों के लिए पुन: परीक्षा (द्वितीय चरण) का आयोजन 16 जून से 22 जून तक किया जाएगा। यह परीक्षा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। जावद […]

You May Like

Play sound