नहर किनारे खेत में मिला सपेरा समुदाय के व्यक्ति का शव

छतरपुर: जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के जैतूपुरा गांव के पास नहर किनारे स्थित एक खेत में सपेरा समुदाय से जुड़े एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद ईशानगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जैतूपुरा निवासी देवीनाथ के रूप में हुई है, जो सपेरा समुदाय से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, दुर्घटना का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

मृतक के भतीजे भूपेंद्र, निवासी जरूआ थाना क्षेत्र (जतारा), ने बताया कि उनके चाचा जैतूपुरा में अकेले रहते थे। उन्होंने कहा कि परिवार को उनकी मौत की जानकारी मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे, लेकिन अब तक यह पता नहीं चल सका है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।

ईशानगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट के आईपीओ से बाजार में बढ़ेगा भरोसा: देबाशीष मिश्रा

Mon Jul 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (वार्ता) भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की सहायक कंपनी एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी देबाशीष मिश्रा ने सोमवार को कहा कि कंपनी के 14 जुलाई को आ रहे प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से बाजार में निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा। श्री मिश्रा […]

You May Like